
मोहाली: ‘मेरा भोला है भंडारी’ भजन से देशभर में मशहूर हुए सिंगर हंसराज रघुवंशी को जान से मारने की धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए सिंगर से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस संगीन मामले में हंसराज रघुवंशी की तरफ से मोहाली में मध्य प्रदेश के एक शख्स के खिलाफ FIR दर्ज करवाई गई है।
आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी राहुल कुमार नागड़े के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ BNS की धारा 296, 351(2), 308(5) और आईटी एक्ट 67 के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी की रघुवंशी से पहली मुलाकात उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुई थी, जहां सिंगर ने एक प्रोग्राम किया था। आरोपी ने खुद को उनका बड़ा भक्त बताते हुए उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और धीरे-धीरे रघुवंशी परिवार का भरोसा जीत लिया।

आरोपी ने ‘राहुल रघुवंशी’ नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और लोगों के बीच ऐसी इमेज बनाई कि वह गायक का सगा छोटा भाई है। उसने हंसराज से कहकर अपना अकाउंट फॉलो भी करवा लिया, ताकि लोगों को उसके सगे भाई होने का यकीन हो जाए।
हद तो तब हो गई जब साल 2023 में वह हंसराज की शादी में भी शामिल हुआ और परिवार की और भी तस्वीरें और कॉन्टैक्ट डिटेल्स अपने पास रख लिए। आरोप है कि वह इस फर्जी पहचान का फायदा उठाकर लोगों को ठगने लगा, महंगे गिफ्ट लेने लगा और ऑर्गनाइजर्स का भी फायदा उठाने लगा। वह ओडिशा की एक महिला को भी यह यकीन दिलाकर अपने साथ ले आया कि वो हंसराज रघुवंशी का सगा भाई है।
हंसराज और उनकी पत्नी कोमल सकलानी को जब इन धोखाधड़ी की घटनाओं की जानकारी मिली, तो उन्होंने आरोपी को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया। इसके बाद से ही आरोपी का व्यवहार आक्रामक हो गया।
राहुल ने फोन और वॉट्सऐप कॉल करके हंसराज, उनकी पत्नी और परिवार को जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। उसने 15 लाख रुपये की मांग की और दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग से जुड़ा है। पैसे नहीं देने पर उसने गायक और उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर गायक की छवि खराब करने वाली पोस्टें भी डाली हैं।
View this post on Instagram


‘Mera Bhola Hai Bhandari’ singer Hansraj Raghuvanshi








