You are currently viewing MBD मॉल के कर्मचारी की हत्या, खाली प्लॉट में मिला शव; चेहरे और शरीर पर चोटों के गहरे निशान

MBD मॉल के कर्मचारी की हत्या, खाली प्लॉट में मिला शव; चेहरे और शरीर पर चोटों के गहरे निशान

लुधियाना: लुधियाना के एमबीडी (MBD) मॉल में काम करने वाले एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक युवक रविवार सुबह अपने घर से मोबाइल छिनैती (स्नैचिंग) की शिकायत दर्ज कराने थाने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन सोमवार सुबह एक खाली प्लॉट से उसकी लाश बरामद हुई। पुलिस ने मृतक की पहचान करण (22) के रूप में की है। शव के चेहरे और शरीर पर चोटों के गहरे निशान मिले हैं, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

मोबाइल चोरी की कंप्लेंट लिखाने निकला था युवक

मृतक के भाई पिंटू ने बताया कि करण रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि उसका मोबाइल फोन स्नैच हो गया है और वह इसी सिलसिले में शिकायत दर्ज करवाने पुलिस थाने जा रहा है। इसके बाद वह अपने एक दोस्त के साथ थ्रीके फाटक के पास रहने वाले किसी रिश्तेदार के घर चला गया। सोमवार सुबह उसी रिश्तेदार ने फोन पर सूचना दी कि करण का शव पास के ही एक खाली प्लॉट में पड़ा हुआ है।

भाई का आरोप- बेहरमी से मारपीट कर उतारा मौत के घाट

पिंटू के मुताबिक, जब उन्होंने घटनास्थल पर जाकर देखा तो करण के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे और उसका पूरा शरीर काला पड़ चुका था। परिवार ने आरोप लगाया है कि करण की बेरहमी से मारपीट करने के बाद हत्या की गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष और गहनता से जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द बेनकाब किया जाए।

शोरूम में काम करता था

परिजनों ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का रहने वाला है और पिछले 15 वर्षों से लुधियाना में रह रहा है। करण तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और एमबीडी मॉल स्थित एक नामी जूते के शोरूम में नौकरी करता था। भाई पिंटू के अनुसार, करण की किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं थी, जिससे पूरा परिवार इस अप्रत्याशित घटना से गहरे सदमे में है।

थाना सदर के एएसआई (ASI) जॉन पीटर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस हर पहलू और संभावित एंगल को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

MBD Mall employee murdered; body found in vacant plot; deep injury marks on face and body