जालंधर: जालंधर के सरहाली गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के ही छप्पड़ (तालाब) में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। पानी में लाश मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले संतोष राम उर्फ बारू राम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जंडियाला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवाओं ने दी सरपंच को सूचना
गांव के सरपंच हरमेश लाल ने बताया कि उन्हें गांव के कुछ युवाओं ने फोन करके तालाब में शव होने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान होने पर उसके परिवार को इस दुखद घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव को देखने के लिए वहां ग्रामीणों का तांता लग गया।
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
जंडियाला पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संतोष राम की मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है। मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।

Man’s body found in a pond in Jalandhar, causing panic in the area; police investigating








