You are currently viewing लक्की ओबरॉय हत्याकांड में बड़ा खुलासा, जिस नौकर को नशे के लिए पीटा था, उसी ने मुखबिरी कर मरवा दी गोली! CCTV ने खोला राज

लक्की ओबरॉय हत्याकांड में बड़ा खुलासा, जिस नौकर को नशे के लिए पीटा था, उसी ने मुखबिरी कर मरवा दी गोली! CCTV ने खोला राज

जालंधर: जालंधर के मॉडल टाउन में युवा नेता लक्की ओबरॉय की सरेआम हुई हत्या की गुत्थी सुलझती नजर आ रही है। पुलिस जांच की सुई अब घर के ही भेदी यानी लक्की के नौकर पर आकर टिक गई है। वारदात के बाद से ही यह नौकर रहस्यमयी तरीके से गायब है और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि हत्या की साजिश में इस नौकर की अहम भूमिका थी। माना जा रहा है कि नशे की लत और मालिक द्वारा की गई पिटाई का बदला लेने के लिए उसने गैंगस्टर्स के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

सफेद एक्टिवा से क्रेटा कार तक का सफर

वारदात के बाद पुलिस ने जब मॉडल टाउन इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए, तो उन्हें सफेद रंग की एक्टिवा पर भागते हुए शूटर नजर आए। कैमरों की मदद से पुलिस उनका पीछा करते हुए मिट्ठापुर तक पहुंची। शहर के एंट्री पॉइंट पर लगे कैमरों की जांच के दौरान पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली, जब लम्मा पिंड चौक के पास शूटर और एक्टिवा चलाने वाला संदिग्ध शख्स एक क्रेटा कार में सवार दिखाई दिए। पुलिस ने तुरंत कार के नंबर को ट्रेस करना शुरू किया। जांच में पता चला कि यह कार कालड़ा नामक कार डीलर के पास थी, जो फिलहाल कार चोरी के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।

गिरवी रखी कार ने खोला नौकर का राज

पुलिस ने जब जेल में जाकर कालड़ा से पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह कार उसने अरोड़ा नाम के व्यक्ति को बेच दी थी। पुलिस की टीम जब अरोड़ा तक पहुंची, तो कहानी में नया मोड़ आया। अरोड़ा ने बताया कि उसने बैंक लोन पर कार खरीदी थी, लेकिन पैसों की जरूरत के चलते उसने यह गाड़ी लक्की ओबरॉय के पास 2.40 लाख रुपये में गिरवी रख दी थी। जब पुलिस ने लक्की के स्टाफ से पूछताछ की, तो उन्होंने खुलासा किया कि यह क्रेटा कार लक्की का वही नौकर लेकर गया था, जो पिछले दो साल से उनके यहां काम कर रहा था। स्टाफ ने बताया कि नौकर ने खुद गाड़ी चलाने की बात कही थी, लेकिन हत्या के बाद से वह फरार है।

चिट्टे की लत और थप्पड़ का बदला

पुलिस जांच में हत्या के पीछे का मोटिव भी अब साफ हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी नौकर ‘चिट्टा’ (हेरोइन) के नशे का आदी था। कुछ समय पहले लक्की ने उसे किसी क्लाइंट से पेमेंट लेने भेजा था, लेकिन नौकर ने उन पैसों से नशा खरीद लिया था। जब लक्की को इस गबन का पता चला, तो उन्होंने नौकर की जमकर पिटाई कर दी थी और उसे चेतावनी दी थी कि अगर दोबारा ऐसा हुआ तो नौकरी से निकाल देंगे। पुलिस का मानना है कि इसी अपमान का बदला लेने के लिए नौकर ने शूटरों को लक्की की लोकेशन और पल-पल की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Major revelation in the Lucky Oberoi murder case: The servant who was beaten for drug use was the one who tipped off