You are currently viewing पंजाब को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, विदेशी आकाओं के इशारे पर काम कर रहे 2 गुर्गे गिरफ्तार, मिलिट्री-ग्रेड हैंड ग्रेनेड बरामद

पंजाब को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, विदेशी आकाओं के इशारे पर काम कर रहे 2 गुर्गे गिरफ्तार, मिलिट्री-ग्रेड हैंड ग्रेनेड बरामद

लुधियाना: लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने एक संयुक्त अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए इंटरनेशनल क्रिमिनल सिंडिकेट और आतंकी-गैंगस्टर गठजोड़ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े दो और खतरनाक गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से मिलिट्री-ग्रेड के दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। पुलिस का स्पष्ट दावा है कि इन गिरफ्तारियों और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी से पंजाब में एक बहुत बड़ा आतंकी हमला होने से टल गया है। इस पूरे मॉड्यूल के तार कुख्यात लाक्खा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर रची जा रही थी साजिश

लुधियाना के पुलिस कमिश्नर (आईपीएस) स्वपन शर्मा ने बताया कि इस खूंखार नेटवर्क का पहला सुराग 17 मई को लगा था। लाडोवाल थाना क्षेत्र में हार्डीज वर्ल्ड के पास पुलिस ने टारगेट किलिंग की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए फिल्लौर निवासी दो शूटरों, अनुराज उर्फ गौरव मसीह और अंकुश को दबोचा था। उस समय इनके पास से तीन पिस्तौल और ग्यारह जिंदा कारतूस मिले थे। पकड़े गए दोनों शूटरों से जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने कबूला कि वे विदेश में बैठे अपने आकाओं के निर्देशों का पालन कर रहे थे। उन्हें मुख्य रूप से जर्मनी में बैठे जोरावर सिंह और लाखा, तथा दुबई में बैठे साहिल सोंधी उर्फ चुंज द्वारा निर्देश दिए जा रहे थे।

मलेशिया से जुड़े तार, माझा क्षेत्र से पकड़े गए दोनों गुर्गे

शूटरों की रिमांड के दौरान सीआईए स्टाफ और काउंटर इंटेलिजेंस की गहन जांच के बाद पुलिस इस सिंडिकेट की ‘एक्सप्लोसिव विंग’ यानी विस्फोटक सप्लाई चेन तक पहुंचने में सफल रही। इसी कड़ी में पुलिस ने माझा क्षेत्र से दो मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तरनतारन के थाना झबाल अंतर्गत खैरुद्दीन के निवासी करनदीप सिंह उर्फ करण और अमृतसर के थाना रामदास अंतर्गत पुरानी बस्ती निवासी बलजीत सिंह उर्फ संजू के रूप में हुई है। करनदीप एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से ही हत्या के प्रयास और ड्रग्स तस्करी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इन दोनों को मलेशिया में बैठे हैंडलर आकाशदीप उर्फ गोल्डन ने इस आपराधिक मॉड्यूल के साथ जोड़ा था।

एफआईआर में जोड़ी गईं विस्फोटक अधिनियम की सख्त धाराएं

मिलिट्री-ग्रेड हैंड ग्रेनेड की बरामदगी होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शिकंजा और कस दिया है। पुलिस ने 17 मई को दर्ज की गई एफआईआर (नंबर 91) में अब विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सख्त धारा 3, 4, 5 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी जोड़ दी है। लुधियाना पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने विदेशी सिंडिकेट के शूटिंग मॉड्यूल और हथियारों की सप्लाई लाइन को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। अब पुलिस की कई टीमें इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं, ताकि इस साजिश में शामिल स्थानीय मददगारों को भी जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

Major Plot to Destabilize Punjab Foiled: Two Operatives Working at the Behest of Foreign Handlers Arrested