जगराओं: बुधवार दोपहर जगराओं स्थित सीटी यूनिवर्सिटी (CT University) में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब बीए प्रथम वर्ष की एक छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरी मंजिल से नीचे आ गिरी। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे कैंपस में भारी हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल छात्रा को आनन-फानन में जगराओं के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लुधियाना के डीएमसी (DMC) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
मोगा जिले की रहने वाली है घायल छात्रा
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस हादसे का शिकार हुई छात्रा की पहचान नवदीप कौर के रूप में हुई है। नवदीप मूल रूप से मोगा जिले के धर्मकोट स्थित जाफरवाला गांव की रहने वाली है और सीटी यूनिवर्सिटी में बीए फर्स्ट ईयर की रेगुलर स्टूडेंट है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि यूनिवर्सिटी की दूसरी मंजिल से एक छात्रा रहस्यमय तरीके से नीचे गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच अपने हाथ में ले ली।
CCTV में सुराग ढूंढ रही पुलिस
इस घटना ने यूनिवर्सिटी कैंपस की सुरक्षा पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जगराओं सदर के एसएचओ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस यूनिवर्सिटी प्रशासन के साथ मिलकर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है ताकि घटना के वक्त का सच सामने आ सके। पुलिस फिलहाल घटना को लेकर सभी एंगल से जांच कर रही है कि क्या अचानक पैर फिसलने से छात्रा का संतुलन बिगड़ गया, उसने खुद छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की है या फिर उसे किसी ने जानबूझकर ऊपर से धक्का दिया है।
होश में आने के बाद दर्ज किए जाएंगे पीड़ित के बयान
एसएचओ ने बताया कि छात्रा की हालत इस वक्त बेहद गंभीर बनी हुई है और लुधियाना में उसका सघन इलाज चल रहा है। वह फिलहाल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों की अनुमति मिलने और छात्रा के होश में आने के बाद ही उसके आधिकारिक बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित छात्रा के बयानों के आधार पर ही इस हादसे के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। इस बीच, पुलिस ने छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

Major Mishap at CT University: BA Student Falls from Second Floor Under Suspicious Circumstances








