सूरत: गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी पूरी ताकत झोंकने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) अब एक बड़े राजनीतिक और कानूनी भंवर में फंसती नजर आ रही है। गुजरात पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दिल्ली से सूरत के बीच चल रहे एक बड़े ‘हवाला रैकेट’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस का दावा है कि आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं से जुड़े कुछ करीबियों ने गुपचुप तरीके से 1.2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी दिल्ली से गुजरात भेजी थी। इस धरपकड़ के बाद से पार्टी बैकफुट पर है और अब तक ‘आप’ की तरफ से पुलिस के इन गंभीर आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
क्राइम ब्रांच ने बिछाया जाल, ऐसे पकड़ी गई काली कमाई
सूरत की क्राइम ब्रांच और उमरा पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर इस पूरे नेटवर्क को ट्रैक किया। डीसीपी (क्राइम) भावेश रोजिया ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस भारी कैश को दिल्ली के एक कारोबारी हिमांशु पाहूजा ने हवाला (अंगड़िया) के जरिए भेजा था। वहीं, सूरत में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आकाश मिश्रा और उसके सहयोगी अजय तिवारी ने इस रकम को रिसीव किया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इस एक करोड़ बीस लाख रुपये के फंड का इस्तेमाल सूरत के स्थानीय निकाय चुनावों में मतदाताओं को प्रभावित करने और चुनावी खर्चे के लिए किया जाना था।
सत्येंद्र जैन के पूर्व PA समेत ये नाम आए सामने
पुलिस की रडार पर आए चेहरों की प्रोफाइल काफी हाई-प्रोफाइल बताई जा रही है। जांच में खुलासा हुआ है कि सूरत में पैसा रिसीव करने वाला आकाश मिश्रा और कोई नहीं, बल्कि ‘आप’ नेता सत्येंद्र जैन का पूर्व पीए (PA) रह चुका है। वह सूरत के पिपलोड इलाके में रहकर इस पूरे हवाला नेटवर्क से आने वाले फंड को ठिकाने लगाने का काम करता था। वहीं, उसका साथी अजय तिवारी पैसों के बंटवारे और मैनेजमेंट का जिम्मा संभालता था। दूसरी तरफ, दिल्ली से पैसा भेजने वाले हिमांशु पाहूजा को ‘आप’ नेता सुरेंद्र भारद्वाज का बेहद करीबी माना जाता है। पुलिस का कहना है कि पाहूजा पहले कांग्रेस में सक्रिय था, लेकिन अब वह आम आदमी पार्टी के अहम रणनीतिकारों में शामिल है।
CCTV फुटेज ने खोली पोल, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट भी हुआ अलर्ट
इस पूरे हवाला कांड में क्राइम ब्रांच के हाथ एक बेहद अहम सबूत लगा है। पुलिस ने स्थानीय अंगड़िया (हवाला ऑपरेटर) के दफ्तर से सीसीटीवी फुटेज भी रिकवर कर लिया है। इस फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग भारी मात्रा में कैश गिनते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस का सीधा आरोप है कि यह पूरी खेप पार्टी के बड़े पदाधिकारियों के सीधे निर्देश पर सूरत पहुंची थी। मामले की गंभीरता और भारी मात्रा में नकद लेनदेन को देखते हुए पुलिस ने तुरंत इनकम टैक्स (IT) विभाग को भी अलर्ट कर दिया है। इसके अलावा, हवाला नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य अंगड़िया कारोबारी और करीब 10 अन्य लोग भी पुलिस की शक के घेरे में हैं, जिनसे जल्द ही सख्ती से पूछताछ की जा सकती है।

Major ‘Hawala’ Scandal Rocks AAP Ahead of Gujarat Elections: ₹1.2 Crore Sent from Delhi to Surat








