जालंधर: शहर के बस्ती दानिशमदां इलाके में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पुलिस गश्त के दावों की पोल खोल दी है। यहां एक सूने घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और भारी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। जब परिवार वापस लौटा तो घर की हालत देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस बड़ी चोरी के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मायके से लौटी पत्नी तो उड़े होश, खुली पड़ी थी अलमारी
इस पूरी वारदात को लेकर पीड़िता महक ने बताया कि वह कुछ समय के लिए अपने मायके गई हुई थीं। जब वह वापस अपने घर लौटीं, तो देखा कि उनके कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर अलमारी भी खुली मिली और सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे जिंदगी भर की कमाई के जेवर गायब हैं। चोरी हुए सामान में एक सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां, एक नथ, दो सेट, गणेश जी की चांदी की मूर्ति के साथ-साथ करीब डेढ़ लाख रुपये की भारी नकदी शामिल है। इसके बाद बदहवास हालत में उन्होंने शोर मचाया और तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
CCTV में भागता दिखा नकाबपोश, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर पांच की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। चोरी का सुराग लगाने के लिए जब परिवार ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें एक अहम सुराग हाथ लगा। फुटेज में एक नकाबपोश युवक चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद गली से तेजी से भागता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि, नकाब होने के कारण उसका चेहरा पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना पांच के एसएचओ यादविंदर सिंह ने बताया कि बस्ती दानिशमदां के रहने वाले जतिन की ओर से शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस नकाबपोश चोर की तलाश में जुट गई है और परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Major Crime in Jalandhar: Wife Visits Parental Home; Jewelry and Cash Worth Lakhs Stolen from Vacant House in Her Absence




