You are currently viewing जालंधर में बड़ी वारदात: 10 मिनट में ज्वेलरी शॉप साफ, 50 लाख की चोरी का दावा; CCTV में कैद हुआ चोरों का गैंग

जालंधर में बड़ी वारदात: 10 मिनट में ज्वेलरी शॉप साफ, 50 लाख की चोरी का दावा; CCTV में कैद हुआ चोरों का गैंग

जालंधर: जालंधर के शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में रविवार तड़के चोरों के एक बड़े गिरोह ने दुस्साहस दिखाते हुए एक ज्वेलरी शॉप को अपना निशाना बनाया। करीब 10 की संख्या में आए चोरों ने महज 10 मिनट के भीतर दुकान का शटर उखाड़कर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार ने करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।

घटना गली नंबर-6 स्थित बब्बर ज्वैलर्स की है। यह वारदात रविवार अलसुबह करीब 4 बजे हुई। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, करीब 10 चोर पूरी तैयारी के साथ वहां पहुंचे थे। पहचान छुपाने के लिए सभी ने मुंह पर नकाब और हाथों में ग्लव्स पहन रखे थे। चोरों ने शटर को तोड़ने के लिए लोहे की रॉड और शॉल का इस्तेमाल किया।

सुबह करीब 6 बजे जब मार्किट के लोगों ने दुकान का शटर उखड़ा देखा, तो तुरंत पुलिस और दुकान मालिक सोनू बब्बर को सूचित किया। मौके पर पहुंचे सोनू बब्बर ने देखा कि दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने बड़े ही शातिराना अंदाज में तिजोरी और काउंटर में रखे कीमती सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था।

बब्बर ज्वेलर्स के मालिक सोनू बब्बर ने बताया कि चोर उनकी दुकान से करीब 25 तोले चांदी और 6 तोले सोना ले गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस चोरी से उनका करीब 40 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को दुकान की अंदरूनी जानकारी पहले से थी।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के हाथ दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लगी है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के आने-जाने वाले रास्तों को ट्रैक किया जा रहा है। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Major crime in Jalandhar: Jewelry shop looted in 10 minutes, theft of Rs 50 lakh claimed