लुधियाना: पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस की टीम ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे हत्याकांड से पर्दा उठाने के लिए डीसीपी जसकीरनजीत सिंह तेजा आज दोपहर 3:30 बजे पुलिस लाइन में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान पुलिस हत्या की पूरी साजिश और पकड़े गए इन तीनों आरोपियों की भूमिका को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे करेगी।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर लगी रोक
दूसरी तरफ, यशइंदर का शव फिलहाल समराला सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों के फैसले के बाद आज शव का पोस्टमार्टम नहीं किया जाएगा। परिवार का कहना है कि वे अभी इस केस की बारीकी से जांच में जुटे हुए हैं और पुलिस की आगामी कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, जिसके चलते पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को फिलहाल के लिए टाल दिया गया है।
इंस्टाग्राम की दोस्ती और कनाडा का प्रेमी
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के तार विदेश से जुड़े होने की बात सामने आई है। मामले का मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखी बराड़ मूल रूप से पंजाब के मोगा का रहने वाला है और कनाडा में सेटल है। जानकारी के मुताबिक, यशइंदर और सुखी की पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। यह बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने एक-दूसरे से शादी का वादा भी कर लिया था। बताया जा रहा है कि पिछले छह साल से दोनों के बीच गहरे संबंध थे और सुखी जब भी कनाडा से पंजाब लौटता था, तो इंदर कौर से मिलने जरूर पहुंचता था। अब इसी करीबी दोस्त और प्रेमी पर सिंगर की हत्या की खौफनाक साजिश रचने का गंभीर आरोप लगा है।

Major Breakthrough in Punjabi Singer Inder Kaur Murder Case: 3 Arrested








