जालंधर: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने गढ़शंकर स्थित पंजाब वक्फ बोर्ड के रेंट कलेक्टर मोहम्मद यासीन और एक संविदा चपरासी मोहम्मद तालीम को 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) के बलाचौर निवासी एक किसान की शिकायत पर की गई है, जिससे जमीन की लीज रिन्यू करने के एवज में पैसों की मांग की जा रही थी। विजिलेंस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
50 हजार से शुरू हुआ सौदा 20 हजार में हुआ तय
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला एक किसान की शिकायत से जुड़ा है, जिसने साल 2018 से 2021 तक तहसील बलाचौर के गांव भड्ढी में वक्फ बोर्ड की 10 कनाल जमीन लीज पर ली थी। साल 2021 में जब लीज की अवधि समाप्त हुई, तो किसान ने इसके नवीनीकरण (रिन्यूअल) के लिए रेंट कलेक्टर मोहम्मद यासीन से संपर्क किया। आरोप है कि यासीन ने लीज की फाइल तैयार करने और रिन्यूअल के बदले किसान से 50,000 रुपए की रिश्वत मांगी। जब किसान ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो काफी सौदेबाजी के बाद रिश्वत की रकम 20 हजार रुपए तय की गई। इसमें से आरोपी यासीन ने 2,000 रुपए मौके पर ही ले लिए थे और बाकी के 18,000 रुपए बाद में देने को कहा था।
शिकायत के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल
परेशान किसान ने इस पूरी बातचीत को सबूत के तौर पर रिकॉर्ड कर लिया और इसकी शिकायत विजिलेंस ब्यूरो को कर दी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद, विजिलेंस की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया। योजना के मुताबिक, जैसे ही दोनों आरोपियों ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में किसान से बाकी के 18,000 रुपए लिए, एसबीएस नगर की विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज
विजिलेंस ब्यूरो ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में विजिलेंस थाना जालंधर में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या इन कर्मचारियों ने पहले भी किसी और से इस तरह की वसूली की है।

Major action by Vigilance in Jalandhar: Punjab Waqf Board’s rent collector and peon arrested




