
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ है। आईआईटी के समीप बने नए पुल पर पंजाब के लोगों की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर की गाड़ी पीबी 02 ईजी 4543 में छह लोग सवार थे, जो आईआईटी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि यह गाड़ी निर्माणाधीन नए पुल पर उतर गई, जिसका अभी उद्घाटन नहीं हुआ था। पुल पर अचानक उतराई के बाद मोड़ आने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पुल की रेलिंग पर चढ़ गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार पांच लोग पुल से नीचे ऊहल नदी और सड़क पर गिर गए, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, ये लोग सब्जी की सप्लाई लेने के लिए कुल्लू की तरफ जा रहे थे। पद्धर के एसएचओ सौरभ ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।
View this post on Instagram

Major accident in Himachal car collided with the railing




