You are currently viewing गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 8 की मौत; देखें कैमरे में कैद घटना का VIDEO

गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 8 की मौत; देखें कैमरे में कैद घटना का VIDEO

हासन: कर्नाटक के हासन जिले में गणेश चतुर्थी के उत्सव का अंतिम दिन मातम में बदल गया। शुक्रवार की देर रात मोसाले होसाहल्ली गांव में गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ में एक अनियंत्रित ट्रक घुस गया, जिससे कम से कम आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे में 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना रात लगभग 8 बजकर 45 मिनट पर हुई, जब गांववाले पूरे हर्षोल्लास के साथ गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए यात्रा निकाल रहे थे। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकांश युवा थे, जिनकी उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच थी।

देखें VIDEO-

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अरकलागुडु की ओर से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार में था। चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक सीधे विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को हासन के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस दुखद घटना पर केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री, श्री एच.डी. कुमारस्वामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “हासन तालुका के मोसाले होसाहल्ली में गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान हुए भीषण हादसे की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ।” उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की लापरवाही के एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और त्योहार का माहौल गमगीन हो गया है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Major accident during Ganesh Visarjan Yatra