जालंधर: जालंधर में फिल्लौर नेशनल हाइवे-44 पर एक भयानक सड़क हादसा होते-होते बच गया। यहां आर्मी कैंप के पास एक काले रंग की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। कार में एक ही परिवार के सदस्य सवार थे, जो फिल्लौर में एक शादी समारोह में हिस्सा लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि कार में सवार महिलाओं और बच्चों समेत सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। इसे कुदरत का करिश्मा ही कहा जाएगा कि इतना बड़ा एक्सीडेंट होने के बावजूद कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
सामने से आ रही गाड़ी की लाइट से बिगड़ा संतुलन
हादसे का मुख्य कारण सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी को बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, परिवार बलाचौर साइड से आकर फिल्लौर में विवाह समारोह अटेंड कर लौट रहा था। जब उनकी गाड़ी आर्मी कैंप के पास पहुंची, तो सामने से आ रहे किसी वाहन की तेज हेडलाइट (हाई बीम) सीधे कार चालक की आंखों पर पड़ी। चकाचौंध के कारण ड्राइवर को कुछ पलों के लिए आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (Sadak Suraksha Force) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने सबसे पहले घबराए हुए परिवार को संभाला और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर साइड करवाया गया ताकि हाइवे पर जाम न लगे। एएसआई जसविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में कार का काफी नुकसान हुआ है, लेकिन संतोष की बात यह है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस ने अब यातायात को पूरी तरह से सामान्य कर दिया है।

Major accident averted in Jalandhar: Car carrying a family returning from a wedding collided with a divider




