
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक मदरसे पर 13 वर्षीय छात्रा से ‘वर्जिनिटी सर्टिफिकेट’ मांगने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि मेडिकल जांच कराकर सर्टिफिकेट देने से इनकार करने पर छात्रा का नाम काटकर उसे टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) थमा दी गई। इतना ही नहीं, मदरसे ने छात्रा की फीस भी हड़प ली। छात्रा के पिता की शिकायत पर एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
मामला पाकबड़ा क्षेत्र के दिल्ली रोड लोधीपुर स्थित एक मदरसे का है। चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने बीते 14 अक्टूबर को एसएसपी सतपाल अंतिल को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी इस मदरसे में पढ़ती है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने साल 2024 में बेटी का सातवीं कक्षा में दाखिला कराया था, जिसके लिए 35 हजार रुपये भी जमा कराए थे। इस साल बेटी ने सातवीं पास कर ली और आठवीं में प्रवेश होना था।

छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी पत्नी को प्रयागराज मायके जाना था। इस दौरान घर पर बेटी के खाने की दिक्कत को देखते हुए वे 16 जुलाई 2025 को उसे मदरसे से घर ले आए थे।
आरोप है कि जब पत्नी वापस लौटीं, तो 21 अगस्त को बेटी को वापस मदरसे छोड़ने पहुंचीं। वहां मदरसा एडमिशन इंचार्ज और प्रिंसिपल ने बेटी को अंदर नहीं घुसने दिया। आरोप है कि मदरसा स्टाफ ने कहा कि “पहले बेटी का मेडिकल कराके वर्जिनिटी सर्टिफिकेट लाओ, तभी अंदर प्रवेश देंगे।”
जब छात्रा की मां ने अपनी बेटी के नाबालिग होने की बात कहते हुए मेडिकल कराने से इनकार किया, तो मदरसे वाले भड़क गए और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद मदरसे ने छात्रा की टीसी काटकर उसकी मां को थमा दी और दोबारा वहां न आने की चेतावनी दी।
परेशान होकर छात्रा के पिता ने कई बार मान-मनौव्वल की, लेकिन मदरसे ने छात्रा को वापस प्रवेश नहीं दिया। तंग आकर उन्होंने बीते 14 अक्टूबर को एसएसपी सतपाल अंतिल से लिखित शिकायत की। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकबड़ा एसओ को जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
View this post on Instagram


Madrasa student asked for ‘virginity certificate’




