जालंधर: महानगर के नूरपुर स्थित एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा खुशप्रीत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस खौफनाक घटना को लेकर पुलिस ने स्कूल की एक महिला टीचर के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। मंगलवार को न्याय की मांग करते हुए मृतका के परिजनों ने स्कूल पहुंचकर भारी विरोध प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा किया। छात्रा की मौसी ने इस पूरे मामले को सुसाइड मानने से साफ इनकार करते हुए टीचर पर हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
चोरी का झूठा इल्जाम लगाकर तीन घंटे कमरे में किया बंद
मृतक छात्रा की मौसी ने बताया कि आरोपी टीचर ने जानबूझकर खुशप्रीत को अपना पर्स पकड़ाया था। इसके बाद टीचर ने उस पर पहले 200 रुपये और फिर 2 हजार रुपये चुराने का आरोप लगा दिया। परिजनों का साफ कहना है कि टीचर खुशप्रीत पर जबरदस्ती चोरी कबूलने का भारी दबाव बना रही थी। जब छात्रा ने ऐसा करने से इनकार किया, तो उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और उसे करीब तीन घंटे तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
सुसाइड की थ्योरी पर उठे सवाल, मौसी बोली- यह सीधा कत्ल है
परिवार ने स्कूल द्वारा बताई गई फंदा लगाने की कहानी पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मौसी का सीधा आरोप है कि मैडम ने ही भतीजी का गला घोंटकर बेरहमी से कत्ल किया है और खुद को बचाने के लिए फंदा लगाने का झूठा शोर मचा दिया। उन्होंने तर्क दिया कि अगर खुशप्रीत ने अंदर से फंदा लगाया था, तो कमरे की कुंडी कैसे खुली हुई थी? इसके अलावा, परिवार का कहना है कि न तो उस कमरे में कोई रस्सी मिली है और न ही छात्रा के फंदे से लटके होने की कोई तस्वीर ही सामने आई है।
रोल नंबर लेने स्कूल गई थी छात्रा
गौरतलब है कि सोमवार को 19 वर्षीय खुशप्रीत अपनी आगामी परीक्षाओं का रोल नंबर लेने के लिए स्कूल गई थी। इसी दौरान स्कूल की टीचर ने परिवार को फोन कर सूचना दी कि खुशप्रीत ने फंदा लगा लिया है। बदहवास हालत में परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

‘Madam strangled her and staged a noose…’ Family enraged over death of Class 12 student in Jalandhar school, FIR filed against teacher








