You are currently viewing लक्की ओबरॉय हत्याकांड: शूटर का फोटो आया सामने, दोनों हाथों से गोली चलाने में माहिर; कार चलाता दिखा आरोपी

लक्की ओबरॉय हत्याकांड: शूटर का फोटो आया सामने, दोनों हाथों से गोली चलाने में माहिर; कार चलाता दिखा आरोपी

जालंधर: आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबरॉय की हत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस जांच और बहराम टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज ने साफ कर दिया है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने वाला शूटर सोनू खत्री गैंग का कुख्यात गुर्गा गुरताज सिंह है। होशियारपुर का रहने वाला गुरताज पिछले दो महीनों के भीतर दो हत्याओं को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस और कई जांच एजेंसियां उसकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

सीसीटीवी ने खोली पोल, दोनों हाथों से फायरिंग में माहिर है शूटर

शुरुआती दौर में पुलिस की जांच अर्जुन और उसके भाई के इर्द-गिर्द घूम रही थी, जिन्हें संदिग्ध माना जा रहा था। हालांकि, बहराम टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों ने पूरी कहानी पलट कर रख दी। फुटेज में शूटर गुरताज सिंह खुद वारदात में इस्तेमाल हुई क्रेटा कार चलाता हुआ कैद हुआ है। होशियारपुर की एमएक्स कॉलोनी का रहने वाला गुरताज अपराधियों की दुनिया में अपनी विशेष ‘फायरिंग स्टाइल’ के लिए कुख्यात है। वह दोनों हाथों में एक साथ पिस्टल रखकर सटीक निशाना लगाने में माहिर माना जाता है।

नौकर शिंगारी ने दी थी मुखबिरी, एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

जांच में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि लक्की ओबरॉय का अपना नौकर शमिंदर सिंह उर्फ शिंगारी ही आस्तीन का सांप निकला। चूंकि शूटर गुरताज शहर के रास्तों से वाकिफ नहीं था, इसलिए शिंगारी ने ही उसे डीसी कॉलोनी से शहर के बाहर तक का रास्ता दिखाया। वारदात में इस्तेमाल सफेद क्रेटा कार चोरी की थी, जिसे जीएस अरोड़ा ने लक्की के पास 2.40 लाख रुपए में गिरवी रखा था। शिंगारी ने कत्ल से ठीक एक दिन पहले बहाने से यह कार लक्की से मांगी थी। पुलिस ने साजिशकर्ता शिंगारी को अमृतसर के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कबूला कि लक्की द्वारा की गई पिटाई का बदला लेने के लिए वह अमेरिका में बैठे जोगा फोल्डीवाल की साजिश में शामिल हुआ था।

2 महीने में दूसरी हत्या, पुलिस की पकड़ से दूर

शूटर गुरताज का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद खौफनाक है। इससे पहले 16 दिसंबर 2025 को उसने होशियारपुर में अब्दुल मोहम्मद की 7 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। उस वारदात में भी उसने दोनों हाथों से फायरिंग की थी और पुलिस को मौके से 9 खोल मिले थे। पुलिस पिछले दो महीनों से उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी, लेकिन चकमा देकर उसने जालंधर में यह दूसरी बड़ी वारदात अंजाम दे दी।

Lucky Oberoi murder case: Photo of shooter surfaces, expert in shooting with both hands