
लुधियाना: शहर के जगतपुरी इलाके में स्थित पुलिस चौकी के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक शराब के ठेके के कर्मचारी पर 10वीं कक्षा के छात्र पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। जब घायल छात्र के परिजन और दोस्त मामले की जानकारी लेने आरोपी के घर पहुँचे, तो आरोपी ने उन पर तलवारों से हमला कर दिया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जगतपुरी पुलिस चौकी के पास रहने वाले 10वीं कक्षा के एक छात्र का शराब ठेके के कर्मचारी से किसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि ठेका कर्मी ने छात्र पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। छात्र ने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।
घायल छात्र के दोस्त आशीष गौतम ने बताया कि उन्हें उनके दोस्त संजय का फोन आया कि उसके भतीजे (घायल छात्र) पर ठेके के पास किसी ने रॉड से हमला किया है। जब आशीष, छात्र मिट्ठू और अन्य लोग हमला करने वाले व्यक्ति के घर केवल हमले का कारण पूछने गए, तो वह आग बबूला हो गया और उसने तलवार निकाल ली। आरोपी ने बचाव कर रहे आशीष और छात्र मिट्ठू पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। शोर सुनकर आरोपी के कुछ और साथी भी मौके पर पहुँच गए और उन्होंने भी हंगामा किया।
हमले में तलवार लगने से घायल हुए आशीष और मिट्ठू को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले की घटना कैद हुई है। पीड़ितों ने किसी तरह मौके से भागकर जगतपुरी पुलिस चौकी पहुँचकर अपनी जान बचाई और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
View this post on Instagram
Liquor shop worker attacked a 10th class student with a rod




