जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने समाजशास्त्र में एमए कर रहे एक छात्र को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 15 किलो 200 ग्राम चरस बरामद की है। उसके तार नेपाल के अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े बताए जा रहे हैं।
रेलवे कॉलोनी के पास धरा गया आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बरियाही बस्ती निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद तनवीर के रूप में हुई है। थाना नई बारादरी के एसएचओ रविंदर कुमार ने बताया कि पुलिस टीम रेलवे कॉलोनी के पास चेकिंग कर रही थी। तभी बशीरपुरा की तरफ से आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। उसने तुरंत अपने हाथ में पकड़ी सफेद रंग की बोरी फेंक दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। जब बोरी की तलाशी ली गई, तो उसमें से 15 किलो 200 ग्राम चरस बरामद हुई।
नेपाल से सूटकेस में लाया, यूपी में बोरी में डाला
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह नेपाल से एक सूटकेस में यह चरस लेकर भारत आया था। नेपाल बॉर्डर पार करने के बाद वह यूपी पहुंचा, जहां उसने सूटकेस से निकालकर चरस को बोरी में डाल लिया ताकि किसी को शक न हो।
200 ग्राम का ‘सैंपल’ दिखाने जा रहा था
आरोपी तनवीर ने पुलिस को बताया कि जालंधर में उसे एक ग्राहक को यह माल सप्लाई करना था। उसने 15 किलो की मुख्य खेप बेचने के लिए और 200 ग्राम चरस बतौर ‘सैंपल’ दिखाने के लिए अलग रखी थी। वह ग्राहक की लोकेशन का इंतजार कर रहा था, लेकिन डिलीवरी से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
शराब तस्करी से चरस तक का सफर
जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसने कबूल किया कि चरस तस्करी से पहले वह पंजाब से शराब की तस्करी कर बिहार (जहां शराबबंदी है) में सप्लाई करता था। हालांकि, चरस के मामले में वह दावा कर रहा है कि यह उसकी पहली खेप थी।
पुलिस ने लिया 2 दिन का रिमांड
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब उसके मोबाइल कॉल डिटेल्स और संपर्कों को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि जालंधर में यह खेप किसे रिसीव करनी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Large consignment seized in Jalandhar: MA student turns out to be a hashish smuggler, had brought 15 kg of the drug from Nepal




