मुंबई: मशहूर पंजाबी सिंगर करण औजला इन दिनों अपने ‘पी-पॉप कल्चर टूर’ के तहत भारत में हैं और लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। दिल्ली में अपने धमाकेदार कॉन्सर्ट के बाद अब वह मुंबई पहुंच चुके हैं। मुंबई से उनके इस टूर के कुछ बेहद दिलचस्प किस्से सामने आ रहे हैं। हाल ही में करण औजला मुंबई की सड़कों पर आम लोगों की तरह ऑटो रिक्शा की सवारी करते नजर आए। इसी दौरान पुलिस ने उनके ऑटो को बीच रास्ते में रोक लिया, लेकिन इसके बाद सिंगर ने जो दरियादिली दिखाई, उसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।
पुलिस ने रोका ऑटो, सिंगर ने चुकाया 17 हजार का फाइन
करण औजला के इस वाकये का एक वीडियो उनके फोटोग्राफर तरण सोढ़ी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि करण एक ऑटो में सफर कर रहे थे, तभी एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उनके ऑटो को रोक लिया। पुलिसकर्मी ने ऑटो ड्राइवर को उसका पुराना पेंडिंग फाइन भरने को कहा। जब करण को इस पूरे मामले का पता चला, तो उन्होंने बिना कोई देर किए अपनी टीम को निर्देश दिया कि वे ड्राइवर का 17,000 रुपये का पूरा बकाया फाइन तुरंत चुका दें।
देखें VIDEO-
View this post on Instagram
दूसरे ऑटो वाले की भी की मदद, सच्चाई जान गले लगा ड्राइवर
सिंगर की इस मदद से ऑटो ड्राइवर बेहद खुश हो गया। इसी बीच वहां एक और ऑटो वाला आ पहुंचा। उसने भी करण औजला से मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर वह उसके भी 4-5 हजार रुपये भर देंगे, तो वह इस परेशानी से छूट जाएगा। करण ने अपनी टीम से कहकर उस दूसरे ड्राइवर का भी पूरा फाइन भरवा दिया। दिलचस्प बात यह रही कि शुरुआत में ड्राइवर अपने ऑटो में बैठे इस मशहूर सिंगर को पहचान ही नहीं पाया था। जब वहां मौजूद कुछ लोग करण के साथ फोटो खिंचवाने लगे, तब उसे अहसास हुआ कि यह करण औजला हैं। सच्चाई जानते ही रिक्शेवाले ने भावुक होकर तुरंत उन्हें गले लगा लिया।
कैमरे पर करण ने दी ड्राइवर को खास नसीहत
इस पूरी घटना के बाद करण औजला ने कैमरे पर बात करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि ऑटो ड्राइवर का फाइन पेंडिंग होने की वजह से पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया था, जिसके बाद उन्होंने खुद आगे आकर फाइन भरने की बात कही। करण ने कहा कि उन्हें लोगों की इस तरह मदद करने में बहुत मजा आता है और ऐसा लग रहा है जैसे वह अचानक ही शहर के चहेते बन गए हैं। जाते-जाते उन्होंने रिक्शेवाले को प्यार से समझाते हुए यह नसीहत भी दी कि अब आगे से और फाइन मत इकट्ठा करना, क्योंकि हर बार कोई और उसे भरने नहीं आएगा।
सोशल मीडिया पर फैंस कर रहे जमकर तारीफ
करण औजला का यह दरियादिली भरा वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। यूज़र्स उनके इस कदम की सराहना करते हुए लगातार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा कि इसी वजह से यह बंदा उन्हें बहुत पसंद है, तो दूसरे ने उन्हें ‘सोने के दिल वाला बंदा’ बताया। वहीं एक अन्य फैन ने लिखा कि कुछ लोग टिकट खरीदकर भी शो नहीं देख पा रहे हैं और इन किस्मत वालों को करण औजला से यूं ही मिलने का मौका मिल गया।

karan-aujla-was-stopped-by-the-police-while-he-was-driving-an-auto-rickshaw-on-the-streets-of-mumbai








