You are currently viewing एयरपोर्ट पर फैन की हरकत देख आपा खो बैठे जसप्रीत बुमराह, झपट्टा मारकर छीना फोन; VIDEO वायरल

एयरपोर्ट पर फैन की हरकत देख आपा खो बैठे जसप्रीत बुमराह, झपट्टा मारकर छीना फोन; VIDEO वायरल

लखनऊ: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में प्रस्तावित चौथा टी20 मुकाबला रद्द होने के बाद टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मैदान से इतर एक अलग वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर बुमराह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एयरपोर्ट पर अपना आपा खोते हुए नजर आ रहे हैं। गुस्से में बुमराह ने एक फैन पर झपट्टा मारकर उसका फोन छीन लिया और कथित तौर पर उसे फेंक दिया।

घटना के वायरल वीडियो के अनुसार, जसप्रीत बुमराह एयरपोर्ट पर अपनी कतार में खड़े थे। उसी दौरान बगल वाली लाइन में खड़ा एक प्रशंसक बिना इजाजत उनका सेल्फी वीडियो बनाने लगा। बुमराह ने पहले शालीनता से फैन को ऐसा करने से रोका और वीडियो न बनाने की चेतावनी भी दी। इसके बावजूद जब फैन ने उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर रिकॉर्डिंग जारी रखी, तो भारतीय गेंदबाज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए फैन के हाथ से फोन छीन लिया।

वायरल वीडियो में बुमराह और उक्त फैन के बीच हुई बातचीत भी सुनाई दे रही है। फैन ने बुमराह से कहा, “आपके साथ ही जाऊंगा सर मैं?” जिस पर बुमराह ने तल्खी से जवाब दिया, “फोन गिर गया आपका तो मेरे को बोलना नहीं।” फैन के यह कहने पर कि “कोई बात नहीं सर,” बुमराह ने “अच्छा है” कहा और फोन छीन लिया। इस घटना ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के बीच बहस छेड़ दी है कि क्या एक सेलिब्रिटी की निजता का उल्लंघन सही है या बुमराह का रवैया ज्यादा आक्रामक था।

गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में भारतीय टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कटक में खेले गए पहले टी20 में 2 विकेट चटकाए थे, जबकि मुल्लांपुर में हुए दूसरे मैच में वे विकेट हासिल नहीं कर सके थे। निजी कारणों के चलते वे धर्मशाला में तीसरा टी20 नहीं खेल पाए थे। लखनऊ का चौथा मैच रद्द होने के बाद अब सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

Jasprit Bumrah lost his temper after a fan’s behavior at the airport, snatched the phone from him