जालंधर: त्योहारी सीजन की आहट के साथ ही मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए सेहत विभाग ने पूरी तरह कमर कस ली है। शहर में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दो अलग-अलग इलाकों से कुल 4 क्विंटल घटिया और सबस्टैंडर्ड पनीर जब्त किया। यह पनीर शहर के नामी रेस्टोरेंटों, ढाबों और बाहरी इलाकों में सप्लाई किया जाना था। विभाग ने दोनों ही खेपों से नमूने लेकर स्टेट फूड लैब जांच के लिए भेज दिए हैं, जिसकी रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर आने की उम्मीद है।
रामामंडी चौक पर गाड़ी रोककर पकड़ा डेढ़ क्विंटल पनीर
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हरजिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में पहली कार्रवाई रामामंडी चौक के नजदीक की गई। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बठिंडा से घटिया क्वालिटी का पनीर लाकर यहां खपाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने नाकेबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रुकवाया। तलाशी लेने पर गाड़ी से करीब डेढ़ क्विंटल संदिग्ध पनीर बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि यह पनीर बठिंडा की एक डेयरी से लाकर आदमपुर और होशियारपुर की दुकानों में खपाने की योजना थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पनीर महज 240 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा था, जिससे इसके नकली अथवा मिलावटी होने का गहरा संदेह पैदा हुआ।
गोल्डन एवेन्यू में मकान के बाहर दबिश, ढाई क्विंटल खेप बरामद
विभाग की दूसरी टीम ने गोल्डन एवेन्यू इलाके में जाल बिछाया। यहां एक रिहायशी मकान के बाहर गाड़ी से भारी मात्रा में पनीर अनलोड किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारकर मौके से करीब ढाई क्विंटल पनीर अपनी कस्टडी में ले लिया। यह खेप भी बेहद सस्ते दामों पर खरीदकर जालंधर शहर के नामी रेस्टोरेंटों और लोकल दुकानों में पहुंचाई जानी थी। विभाग ने तुरंत प्रभाव से पूरे स्टॉक को सीज कर दिया।
मिलावट की पुष्टि होते ही नष्ट होगा स्टॉक, दर्ज होगा केस
अधिकारी हरजिंदर पाल सिंह ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि लैब की जांच रिपोर्ट में यदि किसी भी प्रकार के हानिकारक केमिकल, स्टार्च या मिलावट की पुष्टि होती है, तो पूरे 4 क्विंटल पनीर को जेसीबी से नष्ट करवाया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ फूड सेफ्टी एक्ट के तहत सख्त कानूनी केस दर्ज होगा। इसके साथ ही विभाग ने शहर के सभी प्रमुख ढाबों और रेस्टोरेंटों में इस्तेमाल हो रहे डेयरी उत्पादों की सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने आम जनता को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि त्योहारों के मद्देनजर असामान्य रूप से सस्ते मिल रहे पनीर और दूध उत्पादों से परहेज करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकते हैं।


Jalandhar’s Health Department takes major action, seizing 4 quintals of substandard cheese




