You are currently viewing जालंधर Western Union लूट कांड: पुलिस के हत्थे चढ़ा एक आरोपी, वारदात का CCTV फुटेज आया सामने

जालंधर Western Union लूट कांड: पुलिस के हत्थे चढ़ा एक आरोपी, वारदात का CCTV फुटेज आया सामने

जालंधर: जालंधर महानगर में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि वे दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। थाना 2 के अंतर्गत आते हरनामदासपुरा इलाके में स्थित वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रेवल की दुकान पर तीन बेखौफ लुटेरों ने धावा बोलकर 1 लाख 8 हजार रुपये की नकदी लूट ली। हालांकि, इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरदीप नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो जालंधर के वेस्ट हलके का रहने वाला बताया जा रहा है।

रेकी के बाद रची साजिश, टिकट पूछने के बहाने दुकान में घुसे

घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस को शाम करीब 6:22 बजे इस घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच और पूछताछ में पता चला है कि लुटेरों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। दोपहर करीब 3:30 बजे दो युवक मुंह पर मास्क बांधकर रेकी करने के इरादे से दुकान पर आए थे और कुछ देर बाद वहां से चले गए। इसके बाद वे दोबारा दुकान पर पहुंचे और टिकट बुक करवाने के बहाने पूछताछ करने लगे।

देखें VIDEO-

पीछे से आकर दबोचा महिला का मुंह, और तिजोरी साफ कर हो गए फरार

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दुकान में एक महिला कर्मचारी अकेली बैठी है और फोन पर बात कर रही है। इसी दौरान एक ब्लैक शर्ट और रूमाल से मुंह ढका हुआ लड़का अंदर आता है। कुछ ही देर में उसका दूसरा साथी चेक शर्ट पहनकर और मास्क लगाकर वहां पहुंच जाता है। जब लड़की फोन पर बात करने में व्यस्त होती है, तो ब्लैक शर्ट वाला युवक चुपके से काउंटर के पीछे चला जाता है और लड़की को भनक तक नहीं लगती। इशारा मिलते ही वह पीछे से लड़की का मुंह बुरी तरह से दबोच लेता है और तिजोरी से 1 लाख 8 हजार रुपये की भारी नकदी निकालकर दोनों बाहर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ एक्टिवा पर बैठकर बड़े आराम से फरार हो जाते हैं।

जल्द ही पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर सकती है बड़ा खुलासा

दुकानदार की ओर से लूट की सूचना मिलते ही थाना 2 के प्रभारी और एसीपी अजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने तुरंत इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया, जिसके आधार पर एक आरोपी गुरदीप को धर दबोचा गया। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि उसके फरार साथियों के ठिकानों का पता लगाया जा सके। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पूरे मामले और फरार आरोपियों को लेकर कई बड़े खुलासे कर सकती है।

Jalandhar Western Union Robbery Case: One Accused Apprehended by Police