जालंधर: जालंधर देहात पुलिस ने आदमपुर में 48 घंटे के भीतर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केसर धामी हत्याकांड के दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। रविवार सुबह करीब 8 बजे हुई इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों की टांगों में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को काबू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।
सरेंडर करने की बजाय पुलिस पर चलाई गोलियां
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी अपने छिपाए हुए हथियार लेने वापस आएंगे। आरोपियों ने डरोली कलां के पास हथियार छिपा रखे थे। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने पहले ही इलाके की घेराबंदी कर रखी थी।
सुबह जब आरोपी हथियार उठाने के बाद वहां से जाने लगे, तो नाकाबंदी पर मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की। बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर करीब 4 फायर किए।
जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में लगी गोली
पुलिस ने आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जो सीधे आरोपियों की टांगों में जा लगीं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उन्हें दबोच लिया। मौके से वारदात में इस्तेमाल किए गए 2 पिस्तौल भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक की पहचान ‘जस्सा’ के रूप में हुई है, जिस पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी की शिनाख्त की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जाएगी।
4 साल पुरानी रंजिश में दिया था कत्ल को अंजाम
गौरतलब है कि दो दिन पहले आदमपुर स्थित संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी के पास गांव सदरा सोढ़ियां बुल्लोवाल के रहने वाले 22 वर्षीय केसर धामी की सिर में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया है कि यह हत्या 4 साल पुरानी किसी रंजिश के चलते की गई थी। वारदात के बाद आरोपी जस्सा अपने साथी के साथ फरार हो गया था, जिसे आज पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

\
Jalandhar: Police kill two accused in Kesar Dhami murder case in an encounter




