जालंधर: जालंधर के बेरोजगार युवाओं के लिए नए साल में नगर निगम प्रशासन ने बड़ी खुशखबरी दी है। नगर निगम में कुल 1196 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि (IAS) ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न श्रेणियों के लिए आवेदन मांगे गए हैं और चयनित उम्मीदवारों को 18,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन द्वारा इस भर्ती अभियान के तहत गार्डन बेलदार, सफाई सेवक, सीवरमैन, रोड बेलदार और फिटर कुली के रिक्त पदों को भरा जाएगा। विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस भर्ती में सबसे अधिक 440 पद सफाई सेवकों के रखे गए हैं। इसके अलावा 406 गार्डन बेलदार, 165 सीवरमैन, 160 रोड बेलदार और 25 फिटर कुली नियुक्त किए जाएंगे। इन सभी पदों पर भर्ती के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है।
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवार 10 जनवरी 2026 से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकेंगे। भरे हुए आवेदन फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया 15 जनवरी 2026 से शुरू होगी, जिसके लिए नगर निगम ने विशेष सेंटर निर्धारित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 27 फरवरी 2026 की शाम 5 बजे तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
मेयर विनीत धीर ने बताया कि पंजाब सरकार ने करीब एक महीने पहले ही इन पदों को भरने का फैसला लिया था। उन्होंने आश्वस्त किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया में सरकार के आरक्षण नियमों (रोस्टर सिस्टम) का सख्ती से पालन किया जाएगा ताकि योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी भेदभाव के रोजगार मिल सके। भर्ती में चयन कमेटी का निर्णय ही अंतिम मान्य होगा और किसी भी तरह का अपडेट केवल नगर निगम की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

Jalandhar Municipal Corporation announces massive recruitment drive for 1196 posts; application forms available from January 10th




