जालंधर: शहर की 120 फुटी रोड पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई। चश्मदीदों के मुताबिक, यह हादसा इतना भीषण था कि सड़क पर गिरने के बाद बाइक करीब आधा किलोमीटर दूर तक घिसटती चली गई। इस जानलेवा हादसे में बाइक सवार बुरी तरह से लहूलुहान हो गया और उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई।
एंबुलेंस का नहीं हुआ संपर्क, मसीहा बने थाना कैंट के SHO
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायल को तड़पता देख तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी संपर्क नहीं हो पाया। इसी बीच नाइट डोमिनेशन (रात की गश्त) पर निकले थाना कैंट के एसएचओ वहां से गुजरे। भीड़ और सड़क पर पड़े घायल व्यक्ति को देखकर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। जब उन्हें पता चला कि एंबुलेंस से संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो एसएचओ ने अपनी दरियादिली दिखाते हुए बिना एक पल भी बर्बाद किए घायल युवक को लोगों की मदद से अपनी ही सरकारी गाड़ी में लाद लिया और तुरंत अस्पताल की तरफ दौड़ पड़े।
पीसीआर ने संभाला मोर्चा, परिजनों को दी गई सूचना
घटनास्थल पर मौजूद पीसीआर टीम के ड्यूटी अफसर सुखविंदर सिंह और बलविंदर कुमार ने बताया कि राहगीरों द्वारा सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया था। पुलिस ने सड़क से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया और घायल युवक का मोबाइल तथा बाइक (नंबर PB08FJ8501) की चाबियां सुरक्षित अपने कब्जे में ले ली हैं। पुलिस के अनुसार, घायल युवक के मोबाइल के जरिए उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों की इच्छा के मुताबिक ही युवक को जालंधर के अरमान अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

Jalandhar: Bike dragged for half a kilometer; youth lay writhing and bleeding on the road




