You are currently viewing “पंजाबी कुड़ी” बनकर सेना के राज पाकिस्तान भेजता था, पंजाब पुलिस ने दबोचा ISI का जासूस

“पंजाबी कुड़ी” बनकर सेना के राज पाकिस्तान भेजता था, पंजाब पुलिस ने दबोचा ISI का जासूस

पटियाला: पटियाला पुलिस ने देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी की पहचान भारसो निवासी गुरप्रीत सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले डेढ़ साल से पटियाला सैन्य स्टेशन की खुफिया जानकारी पाकिस्तानी एजेंसियों को भेज रहा था।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 4 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। आरोपी लंबे समय से केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर भी था।

एसएसपी वरुण शर्मा ने आरोपी के काम करने के तरीके का खुलासा करते हुए बताया कि गुरप्रीत सिंह बेहद शातिर तरीके से पाकिस्तानी एजेंसियों से संपर्क में था। वह “पंजाबी कुड़ी” नाम की एक सोशल मीडिया आईडी का इस्तेमाल करता था, जिसके प्रोफाइल में ‘लिविंग इन कराची, पाकिस्तान’ लिखा हुआ था। इसी आईडी के जरिए वह अपने पाकिस्तानी आकाओं से बातचीत करता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि गुरप्रीत ने दिसंबर 2024 में अपने नाम पर एक नया सिम कार्ड (मोबाइल नंबर 76259-08993) जारी करवाया था। इसके बाद उसने इस नंबर का व्हाट्सएप एक्टिवेशन कोड पाकिस्तान में मौजूद अपनी हैंडलर (लड़की) को भेज दिया। इस कोड के जरिए पाकिस्तानी एजेंट भारत के नंबर पर व्हाट्सएप चला रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। इसके अलावा भी वह कई अन्य मोबाइल ऐप्स के जरिए लगातार पाकिस्तानी एजेंसियों से जुड़ा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गुरप्रीत भारत में रहकर सैन्य ठिकानों की गतिविधियों और अन्य संवेदनशील खुफिया जानकारी पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजता था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है ताकि इस जासूसी नेटवर्क की पूरी गहराई का पता लगाया जा सके।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

ISI spy arrested by Punjab Police