You are currently viewing मौत को छूकर निकले 13 मासूम, पंजाब में बच्चों से भरी स्कूल वैन खेत में पलटी, मची चीख-पुकार; सड़क पर अवैध कब्जे से हुआ हादसा

मौत को छूकर निकले 13 मासूम, पंजाब में बच्चों से भरी स्कूल वैन खेत में पलटी, मची चीख-पुकार; सड़क पर अवैध कब्जे से हुआ हादसा

जलालाबाद: नौनिहालों की जिंदगी से खिलवाड़ और लापरवाही का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला जलालाबाद इलाके से सामने आया है। यहां गांव चक्क सुखेरा से डिब्बीपुरा जाने वाली लिंक सड़क पर 13 मासूम बच्चों से भरी एक स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर धान के खेत में पलट गई। हादसे के बाद मासूमों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। गनीमत यह रही कि समय रहते ग्रामीणों की तत्परता से एक बहुत बड़ा और दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। घटना में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि कुछ बच्चों को मामूली खरोंचें आई हैं।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, गाड़ी के नीचे फंसा चालक का हाथ

घटना के वक्त वैन के ठीक पीछे आ रहे युवक दीपू दौधी ने बताया कि आगे चल रही स्कूल वैन अचानक असंतुलित हुई और देखते ही देखते सड़क किनारे धान के पानी भरे खेत में जा गिरी। वैन पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनते ही वह और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने बिना समय गंवाए वैन के दरवाजे और शीशे खोलकर सभी 13 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान वैन चालक का हाथ गाड़ी के नीचे बुरी तरह फंस गया था, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

खेतों में मिला ली सड़क की पटरियां, 22 फीट का रास्ता बचा महज 11 फीट

इस हादसे के पीछे एक चौंकाने वाली सच्चाई और बड़ी लापरवाही सामने आई है। गांव चक्क सुखेरा के सरपंच खैरा सिंह और स्थानीय लोगों ने बताया कि इस लिंक रोड के किनारे पक्की पटरी (बरमा) ही नहीं है। आरोप है कि कई किसानों ने खेतों से लगती सड़क की कच्ची पटरियों को काटकर अपने खेतों में मिला लिया है। स्थिति यह है कि सरकारी कागजों में जो सड़क 22 फीट चौड़ी दर्ज है, वह धरातल पर अतिक्रमण के कारण सिकुड़कर महज 11 फीट ही रह गई है। इसी वजह से जब भी कोई चालक सामने से आने वाले वाहन को साइड देने की कोशिश करता है, तो गाड़ी का पहिया नीचे उतरते ही वह खेत में पलट जाती है।

प्रशासन से अवैध कब्जे हटाने और पक्की पटरियां बनाने की मांग

हादसे के बाद से इलाके के अभिभावकों और आम लोगों में भारी रोष व दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करने की पुरजोर गुहार लगाई है। लोगों की मांग है कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार सड़क की वास्तविक 22 फीट चौड़ाई को तुरंत बहाल कराया जाए और अवैध कब्जों को हटाया जाए। इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर पक्की पटरियों का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में स्कूली बच्चों और राहगीरों की जान जोखिम में न पड़े और ऐसे हादसों पर लगाम लग सके।

13 children had a narrow escape from death in Punjab after a school van packed with students overturned in a field