फिरोजपुर: फिरोजपुर से दिल दहला देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां चरित्र के शक में एक पति ने अपनी पत्नी पर प्लास और पेंचकस से हमला किया और उसे मरा हुआ समझकर खुद पुलिस को फोन कर अपने जुर्म की जानकारी दी। इसके बाद सनकी पति ने सीधे उस सरकारी स्कूल का रुख किया जहां उसकी पत्नी काम करती थी, और वहां पानी की टंकी से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
चरित्र पर शक के चलते हुआ खौफनाक विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों से सामने आया है कि मृतक मनप्रीत सिंह (32 वर्ष), निवासी गांव जवाहर सिंह वाला, अपनी पत्नी के चरित्र पर बेहद शक करता था। उसकी पत्नी गांव के ही सरकारी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर के तौर पर कार्यरत थी। मनप्रीत का मानना था कि उसकी पत्नी के स्कूल के ही एक शिक्षक के साथ अवैध संबंध हैं। मृतक के भांजे बंटी ने भी बताया कि इसी शक को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था और अक्सर घर में कलह होती थी। मनप्रीत कई बार पत्नी को उस शिक्षक से मिलने या बात करने से मना कर चुका था, लेकिन विवाद नहीं थमा।
प्लास और पेंचकस से दी रूह कंपाने वाली यातनाएं
रविवार को भी इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच जोरदार बहस हुई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आपा खो चुके मनप्रीत ने पत्नी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उसने पेंचकस और प्लास से पत्नी पर इतने वार किए कि वह लहूलुहान होकर अधमरी हो गई। दरिंदगी की हद पार करते हुए उसने प्लास से अपनी पत्नी के होंठ तक खींच दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर बेहोश हो गई।
पुलिस को खुद फोन कर दी सूचना और फिर लगा लिया फंदा
पत्नी को खून से लथपथ और बेसुध पड़ा देख मनप्रीत को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने खुद पुलिस को फोन मिलाया और कहा कि उसने अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया है। वारदात की सूचना देने के बाद वह सीधे पत्नी के सरकारी स्कूल पहुंचा और परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। वहां उसने गले में रस्सा डालकर फंदा लगाया और नीचे छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
फरीदकोट में जिंदगी और मौत से जूझ रही पत्नी, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मनप्रीत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। वहीं, दूसरी तरफ जब परिजन और पुलिस घर पहुंचे तो पता चला कि पत्नी अभी जिंदा है। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए फरीदकोट रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले के जांच अधिकारी एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और शिक्षक से जुड़े एंगल समेत पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।


Horrific incident stemming from suspicion of an illicit affair; husband beat wife half-dead with pliers








