You are currently viewing IndiGo की मुश्किलें बढ़ीं: आज फिर 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द, सरकार बोली- अब फ्लाइट्स में कटौती करेंगे

IndiGo की मुश्किलें बढ़ीं: आज फिर 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द, सरकार बोली- अब फ्लाइट्स में कटौती करेंगे

नई दिल्ली: पिछले पूरे एक हफ्ते से चल रहे भारी व्यवधान के बाद इंडिगो एयरलाइंस की सेवाएं अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही हैं। आसमान में इंडिगो के ज्यादातर विमान उड़ान भरते नजर आ रहे हैं, लेकिन संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है। सुधार के दावों के बीच लगातार आठवें दिन भी एयरलाइन ने 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है, जिससे यात्रियों की परेशानी बरकरार है।

इंडिगो की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आज (9 दिसंबर) कुल 67 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं। इसका सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत के हवाई अड्डों पर देखने को मिल रहा है। चेन्नई, बेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम जैसे प्रमुख शहरों में उड़ानें प्रभावित हुई हैं। आंकड़ों के अनुसार तमिलनाडु में इंडिगो की 41 फ्लाइट्स कैंसिल हैं, वहीं कर्नाटक के बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी आने-जाने वाली दर्जनों उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। केरल के तिरुवनंतपुरम में भी कई फ्लाइट्स के रद होने से यात्री हताश हैं।

इंडिगो की इस लगातार लापरवाही को देखते हुए अब केंद्र सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने संसद में इंडिगो को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने साफ किया कि सरकार इस मामले में ऐसी सख्त कार्रवाई करेगी जो भविष्य में सभी एयरलाइंस के लिए एक नजीर बनेगी। सरकार ने संकेत दिए हैं कि इंडिगो, जो अभी देश में 2200 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करती है, उसकी उड़ानों में कटौती की जा सकती है और कुछ स्लॉट दूसरी एयरलाइंस को दिए जा सकते हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि देश को कम से कम 5 बड़ी एयरलाइंस की जरूरत है और नई एयरलाइंस शुरू करने का यह सबसे सही समय है।

पिछले सात दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो इंडिगो ने 4500 से ज्यादा उड़ानें रद्द की थीं। हालांकि, एयरलाइन का दावा है कि अब उनका नेटवर्क पूरी तरह ठीक हो गया है और 1800 से ज्यादा फ्लाइट्स बहाल हो चुकी हैं। कंपनी के मुताबिक, अब 90 प्रतिशत उड़ानें समय पर चल रही हैं। यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से एयरलाइन ने 827 करोड़ रुपये का रिफंड जारी कर दिया है और 4500 से ज्यादा अटके हुए बैग यात्रियों को वापस लौटा दिए गए हैं।

IndiGo’s troubles worsen: More than 100 flights cancelled again today, government says it will now cut flights