You are currently viewing हवा में चटका इंडिगो विमान का कॉकपिट ग्लास, 76 यात्रियों की सांसें अटकीं

हवा में चटका इंडिगो विमान का कॉकपिट ग्लास, 76 यात्रियों की सांसें अटकीं

चेन्नई: चेन्नई हवाई अड्डे पर गुरुवार देर रात उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया, जब मदुरै से आ रही इंडिगो की एक उड़ान के कॉकपिट का शीशा (विंडशील्ड) हवा में ही चटक गया। यह घटना विमान के लैंड होने से ठीक पहले हुई, जिसमें 76 यात्री सवार थे। पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते विमान को रात 11:12 बजे सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, लैंडिंग की तैयारी के दौरान पायलट ने कॉकपिट की विंडशील्ड में दरार देखी, जिसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही हवाई अड्डे पर सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल सक्रिय कर दिए गए और विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

लैंडिंग के बाद, विमान को जांच और मरम्मत के लिए बे नंबर 95 पर खड़ा कर दिया गया है, जहाँ तकनीकी टीम द्वारा क्षतिग्रस्त ग्लास पैनल को बदलने का काम किया जा रहा है। विंडशील्ड में दरार आने के कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है।

गौरतलब है कि यह घटना केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू द्वारा प्रमुख घरेलू एयरलाइनों और विमानन अधिकारियों के साथ की गई एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के कुछ घंटों बाद ही हुई। इस बैठक में आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सुरक्षा, संचालन और यात्री सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया था। मंत्री ने सभी एयरलाइनों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और किरायों को नियंत्रण में रखने के सख्त निर्देश दिए थे। उन्होंने DGCA की टैरिफ मॉनिटरिंग यूनिट को किराया निगरानी पर कड़ी नजर रखने का भी आदेश दिया था।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

IndiGo plane’s cockpit glass shattered