नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का परिचालन संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को लगातार चौथे दिन भी विमान सेवा बुरी तरह प्रभावित रही, जिसके चलते एयरलाइन ने दिल्ली और देश के अन्य एयरपोर्ट्स से कम से कम 550 उड़ानें रद्द कर दी हैं। लगातार हो रही रद्दीकरण के कारण हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी का माहौल है और यात्री भारी असुविधा का सामना कर रहे हैं। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर सामान गायब होने और फ्लाइट्स के अचानक कैंसिल होने की शिकायतें की हैं। इससे पहले गुरुवार को भी इतनी ही संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की गई थीं, जिससे पिछले चार दिनों में रद्द उड़ानों का कुल आंकड़ा 1000 के पार पहुंच गया है।
विभिन्न शहरों के आंकड़ों पर गौर करें तो दिल्ली एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को यहां से उड़ान भरने वाली 135 और आने वाली 90 उड़ानें रद्द रहीं। बेंगलुरु एयरपोर्ट से संचालित होने वाली कम से कम 102 उड़ानें और हैदराबाद से 92 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। वहीं, मुंबई एयरपोर्ट पर भी इसका व्यापक असर दिखा, जहां से जाने वाली 53 और आने वाली 51 फ्लाइट्स को रद्द किया गया। इस तरह अकेले मुंबई में कुल 104 उड़ानें प्रभावित हुईं।
इस भारी संकट के पीछे की मुख्य वजह पायलटों और केबिन क्रू की कमी बताई जा रही है। दरअसल, उड़ान ड्यूटी की सीमा तय करने वाले नए एफडीटीएल (FDTL) नियम लागू होने के बाद से इंडिगो क्रू की भारी किल्लत से जूझ रही है। नए नियमों के तहत उड़ान सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पायलटों का साप्ताहिक विश्राम समय 36 घंटे से बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया गया है। इसके अलावा, एक पायलट हफ्ते भर में दो से ज्यादा नाइट लैंडिंग नहीं कर सकता और लगातार दो ही नाइट ड्यूटी लगाई जा सकती हैं। इन कड़े नियमों के चलते बड़ी संख्या में पायलट अनिवार्य रेस्ट पीरियड पर हैं, जिससे फ्लाइट्स के लिए स्टाफ उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
इंडिगो ने नियामक डीजीसीए को सूचित किया है कि 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या में नियोजित तरीके से कटौती की जाएगी ताकि शेड्यूल को संभाला जा सके। एयरलाइन ने एफडीटीएल के रात्रिकालीन संचालन से जुड़े नियमों में 10 फरवरी तक छूट की मांग की है और उम्मीद जताई है कि 10 फरवरी तक स्थिति स्थिर हो जाएगी। एयरलाइन ने यात्रियों से माफी मांगते हुए सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का शेड्यूल जरूर चेक करें क्योंकि परिचालन को पटरी पर लाने में अभी वक्त लगेगा।
हालात की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने इंडिगो को स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस संकट के बीच किराए में बढ़ोतरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, मंत्री ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और डीजीसीए को स्थिति पर कड़ी नजर रखने और एयरपोर्ट्स पर फंसे यात्रियों की हर संभव मदद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

indigo-cancels-550-flights-for-the-fourth-day-taking-the-total-number-of-flights-cancelled-so-far-to-over-1000








