
कैलिफोर्निया: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक भारतीय मूल के 29 वर्षीय युवक पर एक 71 वर्षीय व्यक्ति की नृशंस हत्या का आरोप लगा है। वरुण सुरेश नामक इस युवक ने कथित तौर पर राज्य के सार्वजनिक यौन अपराधी डेटाबेस से अपने शिकार को चुना और एक योजनाबद्ध हमले में उसे चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। गिरफ्तारी के बाद उसने जो कबूलनामा दिया है, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, घटना रविवार की है जब उन्हें एक घर से हिंसक झगड़े की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर 71 वर्षीय डेविड ब्रिमर खून से लथपथ मिले, जिन्हें कई बार चाकू से गोदा गया था। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घर के बाहर से ही आरोपी वरुण सुरेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि वरुण ने इस हत्याकांड को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया। वह एक सर्टिफाइड पब्लिक अकाउंटेंट (CPA) यानी टैक्स सलाहकार के वेश में था और नए क्लाइंट्स खोजने के बहाने इलाके में घूम रहा था। उसने ब्रिमर के दरवाजे पर दस्तक दी और हाथ मिलाकर उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद उसने ब्रिमर को जबरन घर के अंदर धकेल दिया।

ब्रिमर किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे और मदद के लिए एक पड़ोसी के गैराज और फिर रसोई में घुस गए। वरुण ने उनका पीछा किया और वहीं उन्हें पकड़कर चाकू से कई वार किए। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान वह लगातार चिल्ला रहा था, “पश्चाताप करो”। जब घायल ब्रिमर जमीन पर रेंग रहे थे, तो वरुण ने “काम पूरा करने के लिए” उनका गला रेत दिया।
गिरफ्तारी के बाद वरुण सुरेश ने अपने किए पर कोई पछतावा नहीं जताया। उसने पुलिस को बताया, “मुझे उम्मीद थी कि चूंकि वह एक पीडोफाइल (बच्चों का यौन शोषक) है, तो सबको ठीक लगेगा।” उसने कहा, “मुझे जरा भी दुख नहीं हुआ। सच कहूं तो ये काफी मजेदार था।”
आरोपी ने इसे अपना “फर्ज” बताते हुए कहा, “यह तय करना तुम्हारा काम नहीं है कि उन्हें स्वर्ग मिलेगा या नहीं। तुम्हारा काम है कि उन्हें दरवाजे तक पहुंचा दो।” उसने यह भी कबूल किया कि वह कई सालों से किसी यौन अपराधी को मारना चाहता था क्योंकि “वे बच्चों को चोट पहुंचाते हैं।”
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वरुण सुरेश का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। 2021 में उसे फर्जी बम की धमकी देने और चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल, उस पर हत्या का औपचारिक मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रशासन इसे “पूर्व-नियोजित और योजनाबद्ध हमला” मानकर जांच कर रहा है।
View this post on Instagram


Indian youth in America kills








