You are currently viewing पाकिस्तान में निकाह करने वाली भारतीय सरबजीत के बदले सुर, सिखों पर जहर उगलने के बाद अब किया स्वागत

पाकिस्तान में निकाह करने वाली भारतीय सरबजीत के बदले सुर, सिखों पर जहर उगलने के बाद अब किया स्वागत

चंडीगढ़: भारत से पाकिस्तान जाकर एक मुस्लिम युवक से निकाह करने वाली पंजाबी महिला सरबजीत कौर एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में सिखों को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान पर भारी बवाल मचने के बाद सरबजीत ने अब अपने ही बयान से यू-टर्न ले लिया है। महिला का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह अपने पिछले भड़काऊ बयानों से पलटते हुए पाकिस्तान आने वाले सिख श्रद्धालुओं का स्वागत करती नजर आ रही है। वहीं, इस मामले में उसके पहले पति ने भी पाकिस्तानी अदालत में सनसनीखेज याचिका दायर कर इस केस को नया मोड़ दे दिया है।

बदले सुर, बोली- पाकिस्तान में नहीं होता जबरन धर्म परिवर्तन

अपने नए वीडियो में सरबजीत कौर ने सिखों के प्रति हमदर्दी जताने की कोशिश की है। उसने कहा कि जो भी सिख श्रद्धालु पाकिस्तान में ननकाना साहिब और अन्य पवित्र गुरुद्वारों के दर्शन करने के लिए आते हैं, वह उनका दिल से हार्दिक स्वागत करती है। सरबजीत ने दोनों देशों के पंजाबियों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए कहा कि ‘चढ़दा पंजाब’ (भारत) और ‘लहंदा पंजाब’ (पाकिस्तान) बिल्कुल एक ही हैं। इसके साथ ही उसने पाकिस्तान का बचाव करते हुए यह भी दावा किया कि वहां किसी का जबरन धर्म परिवर्तन नहीं कराया जाता है।

पहले उगला था जहर, कहा था- ‘सिख यहां क्या करने आते हैं’

गौरतलब है कि इस नई सफाई से ठीक पहले सरबजीत कौर ने पंजाब से पाकिस्तान जाने वाले सिख जत्थों और श्रद्धालुओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिया था। उसने अपने एक वीडियो में जहर उगलते हुए कहा था कि सिख यहां पाकिस्तान में आखिर क्या करने आते हैं? उसने यहां तक कह दिया था कि अगर पाकिस्तान के लोग एकजुट हो जाएं तो इन लोगों की रोजी-रोटी पूरी तरह से बंद हो जाएगी। इस नफरत भरे बयान के बाद उसकी भारी आलोचना हो रही थी, जिसके दबाव में उसे यह नया वीडियो जारी कर अपनी बात से पलटना पड़ा।

पहले पति का बड़ा दावा, पाकिस्तानी युवक पर लगाया ब्लैकमेल और रेप का आरोप

इस पूरे विवाद के बीच सरबजीत के पहले पति (पंजाबी एनआरआई) करनैल सिंह ने कानूनी लड़ाई तेज कर दी है। करनैल सिंह ने सीधे लाहौर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए एक याचिका दायर की है। उन्होंने अदालत में दावा किया है कि पाकिस्तानी नागरिक नासिर हुसैन ने सरबजीत को ब्लैकमेल करके झांसे में लिया और उसे पाकिस्तान बुलाकर जबरदस्ती शादी कर ली। करनैल ने लाहौर हाईकोर्ट से अपील की है कि आरोपी नासिर के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और सरबजीत को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस भेजा जाए।

Indian Woman Who Married in Pakistan Changes Her Tune: After Spewing Venom Against Sikhs