अमृतसर: पंजाब में पावरकॉम (पीएसपीसीएल) द्वारा लगातार 5 दिनों से लगाए जा रहे 8 से 10 घंटे के लंबे बिजली कटों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लंबे कटों से परेशान लोगों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। अमृतसर में बीती देर रात भारी बवाल हो गया जब गुस्साए लोगों की एक भीड़ सीधे बिजली घर (पावर हाउस) में जा घुसी। हालात इतने बेकाबू हो गए कि बेकाबू भीड़ ने बिजली घर का मेन गेट तोड़ दिया और खुद ही अंदर जाकर इलाके की बिजली सप्लाई चालू कर दी। इस घटना के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
कर्मचारियों से धक्कामुक्की, फीडर से छेड़छाड़ कर चालू की लाइन
पावर हाउस में ड्यूटी पर मौजूद बिजली कर्मचारी सुरिंदर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि देर रात अचानक 20 से 25 लोग जबरन बिजली घर में घुस आए। जब मुलाजिमों ने उन्हें रोकने की कोशिश की और समझाया कि यह कट उच्च अधिकारियों के आदेश पर लगाए गए हैं, तो भीड़ ने उनकी एक न सुनी। प्रदर्शनकारियों ने कर्मचारियों के साथ जमकर धक्कामुक्की और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, उन्होंने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकियां देते हुए फीडर के साथ छेड़छाड़ की और खुद ही इलाके की सप्लाई बहाल कर दी। सूचना मिलने के बाद थाना कंबो की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
हालात बिगड़ते देख बिजली मंत्री ने मांगी माफी, बताया क्यों लग रहे कट
अमृतसर में हुए इस हंगामे और प्रदेश भर में बिजली कट को लेकर बिगड़ते हालात के बीच पंजाब के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा को सामने आना पड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए जनता को शांत करने की कोशिश की। बिजली मंत्री ने स्पष्ट किया कि पीएसपीसीएल द्वारा घोषित यह नियोजित बिजली कटौती कोई कमी नहीं, बल्कि सिस्टम को अपग्रेड करने का एक हिस्सा है। उन्होंने लिखा कि इस अपग्रेडेशन का उद्देश्य बिजली आपूर्ति के बुनियादी ढांचे में सुधार करना है। मंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में हो रही असुविधा के लिए उन्हें खेद है, लेकिन ये सुधार आने वाले लंबे समय में उपभोक्ताओं के लिए काफी लाभकारी साबित होंगे।

Chaos Erupts Over Power Cuts: Angry Mob Storms Power Station, Breaks Down Gates








