जालंधर: जालंधर के बूटा मंडी इलाके में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई और सरेआम गोलियां चल गईं। इस गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक की पहचान सलीम के भाई के रूप में हुई है, जिसे खून से लथपथ हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।
समझौते के बाद फिर भड़की चिंगारी
पीड़ित सलीम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है। दरअसल, कुछ समय पहले (गर्मी के सीजन में) उनके चाचा के बेटे का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। उस समय वे सभी दोस्त थे और खेलते वक्त आपस में भिड़ गए थे, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था और मामला शांत हो गया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बुधवार को दूसरे पक्ष के नाहर, साहिल और उनके चार अन्य साथियों ने पुरानी खुन्नस निकालते हुए दोबारा हमला बोल दिया।
देसी कट्टे से किया गया फायर
परिवार की एक महिला ने बताया कि आरोपियों ने पहले उनके बेटे को घेरकर बुरी तरह पीटा। जब वह जान बचाकर घर पहुंचा और अपने भाई को बाहर इस घटना के बारे में बता रहा था, तभी हमलावर वहां आ धमके। उन्होंने देसी कट्टे से सीधा फायर झोंक दिया, जिससे सलीम का भाई गोली लगने से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
मौके से मिला गोली का खोल, पुलिस जांच शुरू
गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से गोली का एक खोल बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

In this area of Jalandhar, a fierce shootout erupted due to an old rivalry, causing panic.




