You are currently viewing पंजाब में बहाने से घर के बाहर बुलाकर किसान नेता को गोलियों से भूना, CCTV में कैद हुए कातिल

पंजाब में बहाने से घर के बाहर बुलाकर किसान नेता को गोलियों से भूना, CCTV में कैद हुए कातिल

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले में रविवार का दिन एक सनसनीखेज वारदात का गवाह बना। यहां के गंडीविंड गांव में दिनदहाड़े एक 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक आत्मा सिंह प्रमुख किसान संगठन ‘किसान संघर्ष कमेटी’ के सक्रिय सदस्य थे। इस दुस्साहसिक वारदात को दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने अंजाम दिया है। सरेआम हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात को अंजाम देकर भागते हुए हत्यारों की तस्वीर गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस कातिलों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

खेत से चाय लेने घर लौटे थे आत्मा सिंह, तभी आ गई मौत

जानकारी के मुताबिक, मृतक आत्मा सिंह गांव में ही खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनका बड़ा बेटा हरजीत सिंह पिछले 18 सालों से इंग्लैंड में बसा है, जबकि छोटा बेटा शमशेर सिंह उर्फ शेरा गांव में ही पिता के साथ मिलकर खेती संभालता है। रविवार की सुबह उनके घर से कुछ ही दूरी पर खेतों में गेहूं की कटाई का काम जोरों पर चल रहा था। सुबह करीब 11 बजे आत्मा सिंह खेत में काम कर रहे लोगों के लिए चाय लेने के लिए घर वापस आए थे। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि मौत उनके दरवाजे पर उनका इंतजार कर रही है।

रास्ता पूछने के बहाने बाहर बुलाया और दाग दीं गोलियां

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक उनके घर के बाहर पहुंचे। बदमाशों ने बड़ी चालाकी से किसी पते का रास्ता पूछने का बहाना बनाया और आवाज देकर आत्मा सिंह को घर से बाहर बुलाया। जैसे ही बुजुर्ग किसान गेट से बाहर आए, घात लगाए बैठे हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए उन पर ताबड़तोड़ दो गोलियां दाग दीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा। खून से लथपथ आत्मा सिंह वहीं जमीन पर गिर पड़े और दोनों बदमाश अपनी बाइक से बड़ी आसानी से फरार हो गए।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, कातिलों की तलाश तेज

गोलियों की आवाज सुनकर परिजन और आस-पड़ोस के लोग दौड़कर बाहर आए। छोटे बेटे शेरा ने ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल पिता को तुरंत तरनतारन के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद आत्मा सिंह को मृत घोषित कर दिया। इस हत्याकांड की खबर मिलते ही एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रिपुतपन सिंह और चोहला साहिब थाने के प्रभारी रंजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। एसपी रिपुतपन सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे शेरा के बयानों के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। गली में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है, जिसमें आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही कातिलों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

In Punjab, a farmer leader was gunned down after being lured out of his home on a pretext