जालंधर: जालंधर के बस्ती शेख इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां इंस्टाग्राम पर पनपे प्यार और फिर शादी से इनकार मिलने पर एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक दिल्ली से दो दिन पहले ही जालंधर अपने घर लौटा था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान पारस के रूप में हुई है, जो दिल्ली में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। मृतक की बहन ने बताया कि पारस का इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती से पिछले करीब ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पारस इसी सिलसिले में दो दिन पहले दिल्ली से घर आया था और आज उसने युवती के परिजनों से शादी की बात की थी।
जानकारी के अनुसार, पारस ने आज युवती की मां से फोन पर बात कर शादी का प्रस्ताव रखा। लेकिन युवती की मां ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि “अभी शादी की उम्र नहीं है और दोनों परिवारों का स्तर भी मेल नहीं खाता।”
पारस ने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि वह दो साल में मेहनत कर अपने घर के हालात सुधार लेगा, उसे थोड़ा समय दिया जाए। लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद युवती ने भी पारस से फोन पर साफ कह दिया कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहती। यह सुनकर पारस बुरी तरह टूट गया और फूट-फूटकर रोने लगा।
बहन ने बताया कि भाई को रोता देख वह उसे समझाने के बाद कुछ सामान लेने बाजार चली गई थी। जब वह वापस लौटी, तो देखा कि पारस फंदे पर लटका हुआ था। युवती के इनकार से आहत होकर उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
सूचना मिलते ही थाना नंबर 5 के एसएचओ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। एसएचओ ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कानूनन लड़के की शादी की न्यूनतम उम्र 21 साल होती है, जबकि मृतक युवक अभी कानूनी तौर पर शादी की उम्र का नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

In Jalandhar Instagram love story ends in horror; young man hangs himself after girlfriend refuses to marry him




