You are currently viewing जालंधर में बेखौफ बदमाश, ज्वैलर की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना; बाइक सवार गहने लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात

जालंधर में बेखौफ बदमाश, ज्वैलर की दुकान को चोरों ने बनाया निशाना; बाइक सवार गहने लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात

जालंधर: जालंधर पुलिस की सख्ती के दावों के बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देकर आसानी से निकल रहे हैं। ताजा मामला जालंधर के ढिलवां रोड का है, जहां स्थित ‘गौतम ज्वैलर’ नामक दुकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। बाइक पर सवार होकर आए शातिर चोर मौका पाते ही दुकान से गहने लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में रोष और दहशत का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू

वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि घटना को अंजाम देने वाले दो युवक बाइक पर सवार थे। उन्होंने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और तकनीकी सेल की मदद से बाइक के नंबर और आरोपियों के हुलिए की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

देखें CCTV फुटेज-

दुकानदार ने नुकसान पर साधी चुप्पी, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित दुकानदार ने घटना की शिकायत नंगल शामा चौकी की पुलिस को दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौका-ए-वारदात का मुआयना कर पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, इस चोरी में कुल कितने का नुकसान हुआ है या कितने तोले सोना-चांदी चोरी हुआ है, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। जब इस बाबत दुकानदार से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने नुकसान की कीमत या मात्रा के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वहीं, मामले के जांच अधिकारी का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

In Jalandhar fearless criminals targeted a jeweler’s shop; thieves on a motorcycle fled with the jewelry