जालंधर: शहर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के इरादे से पुलिस द्वारा लगाए गए हाईटेक नाके पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत दो बाइक सवार युवकों ने चेकिंग से बचने के लिए पुलिसकर्मी पर ही बाइक चढ़ा दी। इस दुस्साहस में ड्यूटी पर तैनात पुलिस मुलाजिम समेत दोनों युवक भी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक को कब्जे में ले लिया है।
रुकने के इशारे पर बढ़ा दी बाइक की रफ़्तार
यह पूरा मामला जालंधर रेलवे स्टेशन के बाहर का है, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक नंबर PB 08 EM 0751 पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो युवकों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ़्तार और तेज कर दी। भागने की हड़बड़ाहट में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सामने खड़े पुलिस मुलाजिम से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिसकर्मी के पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
मेडिकल जांच में खुली नशे की पोल
हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने बाइक चालक को काबू कर लिया, जिसकी पहचान वंशू के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद ड्यूटी ऑफिसर ने बताया कि लड़कों की हालत देखकर ही संदेह हो गया था। जब उनका ब्रेथ एनालाइजर के जरिए मेडिकल टेस्ट किया गया, तो उसमें भारी मात्रा में शराब पीने की पुष्टि हुई। पकड़े गए युवकों की उम्र महज 18-19 साल बताई जा रही है, जो बिना हेलमेट के नशे की हालत में वाहन चला रहे थे।
दोस्त ने कबूला- पुलिस को देख घबरा गए थे
पूछताछ के दौरान बाइक चला रहे युवक के साथी ने कैमरे के सामने अपनी गलती मानी है। उसने बताया कि उसका दोस्त नशे में था और अचानक सामने पुलिस को देखकर वह घबरा गया। इसी घबराहट में उसने रेस बढ़ा दी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने युवकों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि नाके उनकी सुरक्षा के लिए हैं, लेकिन ऐसी हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं।
भारी-भरकम चालान, बाइक जब्त करने की चेतावनी
पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल का मोटा चालान काट दिया है। जांच में पता चला कि युवकों के पास गाड़ी के ओरिजिनल दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कागजात पेश नहीं किए गए, तो वाहन को पूरी तरह से बॉन्ड (जब्त) कर दिया जाएगा।

In Jalandhar, drunk bikers at a checkpoint ran over a police officer while trying to escape.




