जालंधर: शहर के व्यस्ततम माता रानी चौक पर सोमवार देर रात बेखौफ बदमाशों का कहर देखने को मिला। यहाँ पुलिस की नाक के नीचे तीन बाइकों पर सवार होकर आए 10 से 12 युवकों ने शादी समारोह से लौट रहे एक युवक को घेर लिया। हमलावरों ने युवक को बुरी तरह पीटा और नकदी व चांदी का ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए।
मां को छोड़कर पत्नी को लेने जा रहा था पीड़ित
संत नगर निवासी पीड़ित राजकुमार ने बताया कि वह सोमवार रात करीब 1:30 बजे एक शादी समारोह से अपनी मां को घर छोड़ने के बाद वापस अपनी पत्नी को लेने जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
माता रानी चौक के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया और तेजधार हथियारों व लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में राजकुमार की आंख, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के मुताबिक, अगर मौके से गुजर रही एक कार वहां नहीं रुकती, तो बदमाश उसकी जान भी ले सकते थे।
चालान काटने में व्यस्त पुलिस सुरक्षा में फेल?
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि माता रानी चौक और आसपास के इलाकों में दिन भर पुलिस नाके लगाकर चालान तो काटती है, लेकिन रात में आम जनता की सुरक्षा राम भरोसे है।
हैरानी की बात यह है कि शहर के मुख्य चौराहे पर वारदात हुई, लेकिन काफी देर तक पुलिस सहायता नहीं पहुंची। जबकि घटनास्थल के आसपास कई सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं।
थाने के बाहर धरने की चेतावनी
पीड़ित परिवार ने पुलिस को सख्त अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करे। परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे थाने के बाहर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

In Jalandhar, a young man returning from a wedding was surrounded by 12 thugs, beaten up in the middle of the road, and robbed




