You are currently viewing जालंधर में PM मोदी और डेरा प्रमुख को महिला ने दी गालियां, इस बात से थी नाराज, वीडियो किया था वायरल; पुलिस ने किया गिरफ्तार

जालंधर में PM मोदी और डेरा प्रमुख को महिला ने दी गालियां, इस बात से थी नाराज, वीडियो किया था वायरल; पुलिस ने किया गिरफ्तार

जालंधर: जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और डेरा सचखंड बल्लां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा कारणों से किए गए रोड ब्लॉक को लेकर एक महिला का गुस्सा फूट पड़ा। महिला ने फेसबुक पर एक वीडियो शेयर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डेरा प्रमुख संत निरंजन दास के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया और गालियां दीं। वीडियो वायरल होने के बाद मचे बवाल के चलते आदमपुर पुलिस ने देर रात महिला को हिरासत में ले लिया और मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बीमार बेटी और बंद मेडिकल स्टोर का दिया हवाला

वायरल वीडियो में महिला बेहद गुस्से में नजर आई। उसने बताया कि उसकी बेटी रात से बीमार है और लगातार उल्टियां कर रही है, लेकिन वीवीआईपी मूवमेंट के कारण आदमपुर के सारे रास्ते बंद कर दिए गए हैं। महिला ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने न केवल रास्ते बंद किए, बल्कि मेडिकल स्टोर और पेट्रोल पंप तक बंद करवा दिए हैं। उसने कहा कि उसकी स्कूटी में पेट्रोल कम है और वह अपनी बच्ची को लेकर डॉक्टर के पास जाने के लिए भटक रही है, लेकिन पुलिस वाले उसे कहीं जाने नहीं दे रहे। महिला ने वीडियो में कहा कि इमरजेंसी के हालात में आम आदमी कहां जाए, यह प्रशासन को सोचना चाहिए। उसने यह भी कहा कि वह पुलिस से नहीं डरती और उन्हें भी खरी-खोटी सुनाकर आई है।

वीडियो वायरल होते ही भड़का गुस्सा, थाने पहुंचे लोग

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही आदमपुर और आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई। महिला की पहचान गांव जडूसिंघा निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। वीडियो में धार्मिक गुरु और प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा से नाराज होकर विभिन्न संगठनों के लोग और गांव जडूसिंघा के पंच आदमपुर थाने पहुंच गए। पंच जोगिंदर पाल सिंह, सन्नी जस्सल और अन्य लोगों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि महिला ने धार्मिक भावनाओं को आहत किया है और आपत्तिजनक शब्दावली का प्रयोग किया है, इसलिए उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

देर रात पुलिस ने की कार्रवाई, मंशा की हो रही जांच

माहौल बिगड़ता देख आदमपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और शिकायत मिलने के बाद महिला को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी (SHO) रविंदर पाल ने बताया कि महिला के खिलाफ बनती धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ने यह वीडियो सिर्फ अपनी निजी परेशानी और गुस्से में बनाया या फिर उसका मकसद माहौल खराब करना था। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि महिला का कोई राजनीतिक बैकग्राउंड तो नहीं है। फिलहाल पूछताछ जारी है।

In Jalandhar, a woman hurled abuses at PM Modi and the Dera chief; she was angry about something and had uploaded a video