You are currently viewing जालंधर में विधवा मां के अरमानों पर फिरा पानी, घर में आग लगने से बेटी की शादी के लिए जोड़ा दहेज जलकर राख; बूट पॉलिश कर पालती है परिवार

जालंधर में विधवा मां के अरमानों पर फिरा पानी, घर में आग लगने से बेटी की शादी के लिए जोड़ा दहेज जलकर राख; बूट पॉलिश कर पालती है परिवार

जालंधर: जालंधर के जिंदा पिंड रोड स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी में शनिवार देर रात कुदरत का ऐसा कहर बरसा कि एक गरीब विधवा मां के सारे सपने पलभर में खाक हो गए। यहां एक घर में अचानक आग लग गई, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर स्वाहा हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और घर का कीमती सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।

घर की मालकिन सीमा ने नम आंखों से बताया कि उसके सिर से पति का साया पहले ही उठ चुका है और वह लोगों के बूट पॉलिश कर जैसे-तैसे अपने परिवार का पेट पालती है। सीमा के लिए यह हादसा इसलिए भी वज्रपात जैसा है क्योंकि करीब सात महीने बाद उसकी बेटी की शादी होनी तय हुई थी। एक मां ने अपनी गाढ़ी कमाई से तिनका-तिनका जोड़कर बेटी के ब्याह के लिए दहेज का सामान इकट्ठा किया था। आग की इस घटना में बेटी के लिए खरीदे गए नए सूट, बर्तन, डेढ़ तोले सोने के गहने और करीब दस तोले चांदी पूरी तरह नष्ट हो गई।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गरीब परिवार पर आर्थिक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आग लगने के असल कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से ही मां और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और समाज सेवी संस्थाओं से मदद की गुहार लगाई है, ताकि बेटी की शादी के लिए दोबारा सामान का प्रबंध किया जा सके और उसका घर बस सके।

In Jalandhar, a widowed mother’s dreams were shattered; the dowry she had saved for her daughter’s wedding was destroyed