You are currently viewing जालंधर में DC ऑफिस से चौकीदार को अगवा कर हैवानियत, बेटे के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर ले गए; कर दिया ऐसा हाल

जालंधर में DC ऑफिस से चौकीदार को अगवा कर हैवानियत, बेटे के एक्सीडेंट का बहाना बनाकर ले गए; कर दिया ऐसा हाल

जालंधर: जालंधर के अति-सुरक्षित माने जाने वाले प्रशासनिक परिसर (DC ऑफिस) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एसडीएम-1 कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात एक चौकीदार को दो युवकों ने फिल्मी स्टाइल में अगवा कर लिया और उसके साथ बर्बरता की। आरोपियों ने चौकीदार को बुरी तरह पीटा और उसे मरा हुआ समझकर चहेड़ पुल के पास फेंककर फरार हो गए। घायल चौकीदार की पहचान आनंद किशोर के रूप में हुई है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बेटे के एक्सीडेंट की झूठी खबर देकर ले गए साथ

डीसी ऑफिस क्लास फोर इम्प्लाइज यूनियन के प्रधान अमरजीत सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आनंद किशोर रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर तैनात था। देर रात दो अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे। उन्होंने आनंद को घबराहट में बताया कि उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। बेटे की खबर सुनकर पिता बदहवास हो गया और बिना कुछ सोचे-समझे उन युवकों के साथ चला गया। यूनियन प्रधान के मुताबिक, यह आरोपियों की एक चाल थी। वे उसे गाड़ी में बैठाकर सुनसान इलाके चहेड़ पुल की ओर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे बेहोशी की हालत में वहीं छोड़ दिया गया।

पूरी रात सड़क किनारे तड़पता रहा पीड़ित

मारपीट के बाद पूरी रात आनंद किशोर वहीं बेहोश पड़ा रहा। सुबह जब एक राहगीर की नजर उस पर पड़ी, तो उसने आनंद की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों को सूचित किया। बदहवास परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे जालंधर के सिविल अस्पताल लेकर आए। हालांकि, घटना स्थल फगवाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे फगवाड़ा के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

कर्मचारियों में रोष, पुलिस से की कार्रवाई की मांग

ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी के साथ हुई इस वारदात से क्लास फोर यूनियन में भारी रोष है। प्रधान अमरजीत सिंह ने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी को इस तरह अगवा करना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर प्रभजोत, विशाल गिल, सुनीता, प्रेमलता और सीमा सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे और उन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की आवाज उठाई।

In Jalandhar, a watchman was abducted from the DC office and subjected to brutality; the culprits lured him away by using his son