You are currently viewing जालंधर में कलयुगी पिता की करतूत, दामाद को फंसाने के लिए 6 साल के बेटे को खिलाया जहर वाला बिस्कुट; मासूम की मौत

जालंधर में कलयुगी पिता की करतूत, दामाद को फंसाने के लिए 6 साल के बेटे को खिलाया जहर वाला बिस्कुट; मासूम की मौत

जालंधर: जालंधर के पतारा थाना क्षेत्र के गांव हजारा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी निजी रंजिश निकालने के लिए अपने ही 6 साल के मासूम बेटे की बलि चढ़ा दी। आरोपी ने दूर की रिश्तेदारी में लगने वाले दामाद को झूठे पुलिस केस में फंसाने की साजिश रची थी, जिसके तहत उसने बेटे को धोखे से कीटनाशक खिला दिया। बच्चे की इलाज के दौरान अमृतसर में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता गजेंद्र मुखिया (35) को गिरफ्तार कर लिया है।

पाजेब चोरी के आरोप का बदला लेने के लिए रची खौफनाक साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गजेंद्र का अपने एक रिश्तेदार (दामाद) के साथ विवाद चल रहा था। दामाद ने कुछ समय पहले गजेंद्र पर पाजेब चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी थी। इसी बात से गजेंद्र बेहद खफा था और बदला लेने की फिराक में था। उसने योजना बनाई कि अगर वह अपने बेटे को जहर देकर बेहोश कर देगा, तो इसका पूरा इल्जाम दामाद पर लगाकर उसे पुलिस केस में फंसा सकेगा। पुलिस का कहना है कि गजेंद्र ने यह सोचकर बेटे को कीटनाशक दिया था कि वह केवल बेहोश होगा, लेकिन जहर की मात्रा अधिक होने के कारण बच्चे की जान चली गई।

बिस्कुट खाते ही बोला बेटा- मां, पापा ने कड़वी दवा पिलाई है

मृतक बच्चे की मां ममता (32) ने दिल दहला देने वाली आपबीती सुनाई। वे मूल रूप से बिहार के मधेपुरा के रहने वाले हैं और वर्तमान में गांव हजारा में रह रहे हैं। घटना 6 फरवरी की देर शाम की है। ममता रसोई में खाना बना रही थीं, तभी उनका मंझला बेटा रूपेश हाथ में दो बिस्कुट लेकर आया। बिस्कुट खाते हुए मासूम ने अपनी मां से कहा कि ‘मां, पापा ने हमें दवा पिलाई है’। इससे पहले कि ममता कुछ समझ पातीं, रूपेश को उल्टियां शुरू हो गईं। ममता ने देखा कि बिस्कुट पर कोई चिपचिपा जहरीला पदार्थ लगा हुआ था।

अमृतसर में तोड़ा दम, आरोपी पिता गिरफ्तार

बच्चे की बिगड़ती हालत देखकर ममता घबरा गईं और तुरंत अपने पिता भुल्लर मुखिया की मदद से उसे सिविल अस्पताल ले गईं। तब तक बच्चा बेहोश हो चुका था। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अमृतसर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मासूम जिंदगी की जंग हार गया। सोमवार को गांव के सरपंच रजिंदर सिंह के साथ ममता ने पतारा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। एसएचओ राम किशन ने बताया कि आरोपी गजेंद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी।

In Jalandhar a father fed his 6-year-old son a poisoned biscuit to trap his son-in-law