You are currently viewing जालंधर में घर आए दोस्तों ने ही 20 वर्षीय युवक को चाकू से गोदकर मार डाला, डेढ़ महीने पहले जेल से आया था बाहर

जालंधर में घर आए दोस्तों ने ही 20 वर्षीय युवक को चाकू से गोदकर मार डाला, डेढ़ महीने पहले जेल से आया था बाहर

जालंधर: जालंधर के रामामंडी थाना क्षेत्र स्थित रविदास कॉलोनी में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां दोस्तों ने ही मामूली विवाद के बाद अपने 20 वर्षीय साथी आशु की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की है। जानकारी के अनुसार, आशु अपने घर पर ही मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने दोस्तों के साथ तीखा विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोस्तों ने आशु के पेट में चाकू घोंप दिया। परिजनों ने बताया कि गहरा घाव होने के कारण आशु का काफी खून बह गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के पिता कन्ना सिद्धू ने बताया कि आरोपी तरन सिंह और उसकी बुआ का लड़का दो दिन पहले रात करीब 11 बजे उनके घर आए थे। वे तभी से यहीं रुके हुए थे। रविवार रात पिता ने आशु को दोस्तों को वापस भेजने के लिए भी कहा था, लेकिन आशु ने जिद करके उन्हें रोक लिया। किसे पता था कि जिन्हें वह रोक रहा है, वही उसकी जान ले लेंगे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक आशु का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड था। वह करीब डेढ़ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था और पिछले तीन दिनों से घर में ही सो रहा था।

वारदात की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

In Jalandhar, a 20-year-old man was stabbed to death by friends who had come to his house.