
नई दिल्ली: भारत और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के खिलाफ विवादित बयानबाजी करने वाले पाकिस्तानी कॉमेडियन-अभिनेता इफ्तिखार ठाकुर को फिल्म ‘चल मेरा पुत्त’ के निर्माताओं ने जोरदार झटका दिया है। फिल्म के चौथे भाग ‘चल मेरा पुत्त 4’ से उनके किरदार को लगभग खत्म कर दिया गया है। रविवार को जारी हुए फिल्म के ट्रेलर से यह साफ हो गया है कि पिछले तीन सुपरहिट भागों के अहम किरदार रहे ठाकुर को इस बार हाशिये पर धकेल दिया गया है, और तो और, ट्रेलर में उनकी जमकर बेइज्जती भी की गई है।
इस फिल्म फ्रेंचाइजी की सफलता में इफ्तिखार ठाकुर का अहम योगदान रहा है, लेकिन भारत विरोधी बयानों के बाद अब लगता है कि निर्माताओं ने उनसे किनारा कर लिया है। पूरे ट्रेलर में अन्य पाकिस्तानी कलाकार तो नजर आ रहे हैं, लेकिन ठाकुर को गिनती के सिर्फ 5 छोटे-छोटे दृश्यों में दिखाया गया है।
सबसे चौंकाने वाली बात ट्रेलर के अंत में है, जहां ठाकुर का सिर्फ एक डायलॉग रखा गया है और उसके तुरंत बाद एक ऐसा सीन आता है जो सीधे तौर पर उनकी छवि पर हमला करता है। इस दृश्य में एक अन्य किरदार ठाकुर को कहता है, “तुहाडे विच गैरत ते छितरां दी कमी है” (आप में गैरत और जूतों की कमी है)। यह संवाद न केवल उनके फिल्मी किरदार पर, बल्कि हालिया विवादों के संदर्भ में उनकी असल जिंदगी की छवि पर भी एक सीधा तंज माना जा रहा है।
‘चल मेरा पुत्त’ फ्रेंचाइजी के चौथे भाग की रिलीज की तारीख 1 अगस्त तय की गई है, लेकिन भारत में इसका प्रदर्शन अभी भी अधर में लटका हुआ है। सूत्रों के अनुसार, फिल्म को अभी तक भारतीय सेंसर बोर्ड से मंजूरी नहीं मिली है। हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि इफ्तिखार ठाकुर के भारत विरोधी बयानों के कारण पैदा हुई राष्ट्रीय भावना और संभावित सार्वजनिक गुस्से को देखते हुए सरकार और सेंसर बोर्ड फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या निर्माता ठाकुर के किरदार को काटकर और ट्रेलर में उन्हें “सबक” सिखाकर भारतीय दर्शकों और सेंसर बोर्ड को मनाने में कामयाब हो पाते हैं, या फिर यह विवादित फिल्म भारत में रिलीज ही नहीं हो पाएगी।
View this post on Instagram

Iftikhar Thakur out of ‘Chal Mera Putt 4’








