शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। कांधला थाना क्षेत्र के गढ़ी दौलत गांव में एक सनकी पति ने घरेलू कलह और पत्नी के तौर-तरीकों से नाराज होकर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, उसने अपने पाप को छिपाने के लिए तीनों के शवों को घर के अंदर ही पहले से खोदे गए शौचालय के गड्ढे (सेफ्टी टैंक) में दफना दिया। इस वीभत्स हत्याकांड के खुलासे के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस ने आरोपी पति फारुख को हिरासत में ले लिया है।
घटना की परतें तब खुलीं जब 9 दिसंबर से फारुख की पत्नी ताहिरा, उसकी 14 वर्षीय और 6 वर्षीय बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। फारुख ने परिजनों और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए झूठ बोला कि वह पत्नी और बच्चों को उनके मायके छोड़ आया है। लेकिन जब काफी दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो शक की सुई पति फारुख पर आकर टिक गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शामली एन.पी. सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने कबूल किया कि उसने ही गोली मारकर अपनी पत्नी और बेटियों की हत्या की है और शवों को घर में बने टैंक में दबा दिया है।
पुलिस जांच में इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह बेहद चौंकाने वाली निकली। मुजफ्फरनगर की रहने वाली ताहिरा और कांधला निवासी फारूक के निकाह को 18 साल हो चुके थे और उनके पांच बच्चे हैं। परिवार में आर्थिक तंगी को लेकर अक्सर विवाद रहता था, जिसके चलते ताहिरा एक महीने पहले बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। इसके अलावा, फारूक अपनी पत्नी के बुर्का न पहनने और मॉडर्न तरीके से रहने को लेकर भी बेहद नाराज रहता था। 15 दिन पहले जब वह ताहिरा को वापस लाया, तो फिर से विवाद हुआ। पत्नी ने जब अपनी मर्जी से जीवन जीने की बात कही, तो सनकी पति ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दे डाला।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन के लिए शवों को बरामद करना एक चुनौती बना हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस की टीमें घर के अंदर बने सेफ्टी टैंक और गड्ढों की खुदाई करवा रही हैं। कल देर रात तक शव बरामद नहीं हो सके थे, लेकिन पुलिस को पूरी आशंका है कि शवों को वहीं छुपाया गया है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और ग्रामीणों की भीड़ जमा है। एसपी शामली ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और शवों को जल्द ही बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और संकीर्ण मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Husband kills wife and two daughters for not wearing a burqa, buries the bodies in the house’s septic tank




