जालंधर: शहर के लांबा पिंड इलाके में घरेलू हिंसा का एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर खुद और अपने दो नाबालिग बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता किरनपाल कौर का आरोप है कि उसके पति ने हैवानियत की हदें पार करते हुए न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए बच्चों को भी जूतों से पीटा। इस घटना के बाद पीड़ित महिला ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रामा मंडी के एसएचओ को तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
पीड़िता के मुताबिक, यह घटना 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे की है। वह अपनी 9 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे के साथ अपने कमरे में थी, तभी उसका पति आया और बिना किसी उकसावे के मारपीट शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि पति ने उसे और बच्चों को जूतों से पीटा, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। महिला ने बताया कि वह पहले भी कई सर्जरियों से गुजर चुकी है और उसका शरीर इस तरह की हिंसा झेलने की स्थिति में नहीं है। इस मारपीट का मासूम बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर पड़ा है। घटना के बाद महिला की हालत खराब थी, जिसके बाद उसके मायके पक्ष के लोगों ने उसे अस्पताल पहुँचाया और उसकी मेडिको-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) करवाई।
किरनपाल कौर ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि वह लंबे समय से पति और ससुराल वालों की शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही है। उस पर जबरन संयुक्त परिवार में रहने का दबाव बनाया जाता है और इनकार करने पर घर से निकाल देने की धमकियां दी जाती हैं। फिलहाल, पुलिस कमिश्नर को दी गई शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए और दोषी पति के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।

Husband beats wife and two young children with shoes, victim appeals to Police Commissioner for justice




