मुंबई: कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में ‘ह्यूमन बम’ (मानव बम) होने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए विमान को तत्काल प्रभाव से मुंबई की ओर मोड़ (डायवर्ट) दिया गया, जहां एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला एक धमकी भरे ईमेल से शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि हैदराबाद और दिल्ली एयरपोर्ट को एक विस्तृत ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें इंडिगो की इस फ्लाइट में मानव बम होने का दावा किया गया। इस इनपुट को बेहद गंभीरता से लेते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
मंगलवार को जैसे ही फ्लाइट ने उड़ान भरी और यह धमकी सामने आई, एटीसी (ATC) ने विमान को मुंबई उतारने का फैसला किया। मुंबई एयरपोर्ट पर फिलहाल ‘हाई अलर्ट’ घोषित कर दिया गया है। स्पेशल सिक्योरिटी टीमें, बम निरोधक दस्ता और इमरजेंसी रिस्पॉन्डर मौके पर तैनात हैं। अधिकारी हालात पर बारीक नजर बनाए हुए हैं और विमान की लैंडिंग के बाद सघन जांच की तैयारी की गई है।
फिलहाल विमान में सवार यात्रियों की सटीक संख्या की जानकारी सामने नहीं आई है। न ही इंडिगो एयरलाइंस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Human bomb threat: Indigo flight from Kuwait to Hyderabad diverted to Mumbai








